कैथल। पुलिस टीम की ड्यूटी में बाधा डालने और कर्मचारी की वर्दी फाड़ने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कलायत थाना में तैनात एएसआई विनोद कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि 31 दिसंबर को वह गश्त के दौरान अपनी टीम के साथ सजूमा रोड कलायत के पास गया था। वहां एक नौजवान अपनी मोटरसाइकिल बुलेट को स्टार्ट करके पटाखे बजा रहा था। जब उन्होंने गाड़ी रुकवाकर उससे कारण पूछा तो उसने बहुत शराब पी रखी थी।
आरोपी ने उसके मुंह पर थप्पड़ मारा और अपशब्द कहते हुए हाथापाई करने लगा। बार-बार पूछने पर उसने अपना नाम संजीव बताया। शिकायतकर्ता ने कहा कि आरोपी ने हाथापाई के दौरान उसकी वर्दी फाड़ दी और ड्यूटी में बाधा डाली है। थाना प्रभारी जयभगवान ने बताया कि जांच शुरू कर दी है।