कैथल, सीवन। डोगरा गेट स्थित नीम साहिब गुरुद्वारा में शनिवार को झींडा व नलवी गुट के सदस्यों ने बैठक की। इसमें दोनों गुट के सदस्यों ने भाजपा नेता संदीप दायमा के राजस्थान चुनाव प्रचार के दौरान अलवर जिले के तजारा में भरी जनसभा में सिखों को लेकर भद्दी शब्दावली पर आपत्ति जताई। नाराज सदस्याें का कहना था कि संदीप दायमा का यह बयान दोनों धर्माें के लोगों बीच तनाव की स्थिति पैदा करने वाला है। उनके बयान से सिख संगत में रोष व्याप्त है।
बाद में नाराज सदस्यों ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के नाम डीसी प्रशांत पंवार को ज्ञापन भी प्रेषित किया। इसमें भाजपा नेता पर धारा 295 ए के तहत कानूनी कार्यवाही करने की सिफारिश की गई, ताकि कोई भविष्य में गलत बयानबाजी करने की कोशिश न करे व लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस न लगे।
गौरतलब है कि बैठक में एचएसजीपीसी का चुनाव एक साथ लड़ने के फैसले के बाद एक महीने में दोनों गुट के सदस्यों ने यह दूसरी बैठक की। इस अवसर पर जगदीश सिंह झींडा, दीदार सिंह नलवी, अवतार सिंह चक्कू, बलदेव सिंह बल्ली,गुरचरण सिंह उम्मेदपुर, महिंद्र सिंह उम्मेदपुर, पलविंद्र सिंह कैथल, जीवन सिंह कैथल, सुखचैन सिंह, रिछपाल सिंह चक्कू लदाना आदि मौजूद रहे।