कैथल। रेडक्रॉस भवन में प्राथमिक चिकित्सा ग्रहण कर रहे प्रशिक्षणार्थियों के लिए सोमवार को शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर उन्हें नशे से दूर रहने के लिए शपथ दिलवाई गई।
मुख्य अतिथि रहे सीटीएम कपिल शर्मा ने कहा कि हमारे देश का उज्ज्वल भविष्य युवाओं पर टिका होता है। यदि युवा पीढ़ी ही गलत रास्ते में जाने लगे तो निश्चित ही उनका भविष्य अंधकार में चला जाता है। नशीली दवाओं की लत से तात्पर्य हानिकारक पदार्थो को लेने से है जो किसी व्यक्ति के मस्तिष्क के कार्यो और व्यवहार को प्रभावित करते हैं। हम सभी को मिलकर नशे जैसी बुराई को जड़ से खत्म करना है।
सीटीएम ने प्रशिक्षणार्थियों को शपथ दिलवाने उपरांत संबोधित कर रहे थे। सीटीएम ने कहा कि माता-पिता को अपने बच्चों पर पूरा ध्यान रखना चाहिए। उन्हें समय-समय पर इस संदर्भ में समझाना भी चाहिए कि वे नशे से दूर रहे और भविष्य के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेहनत करें।
उन्होंने कहा कि नशीली दवाओं की लत निर्णय लेने और स्मृति सहित मानसिक अनुभूति को प्रभावित कर सकती है । यह चिंता रक्तचाप में वृद्वि का कारण बन सकती है। कुछ युवा नशे को अपनी शान समझते हैं। वे शराब, गुटखा, तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट का नशा करते है । धूम्रपान या शराब का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है।
उन्होनें युवाओं से अपील की वे नशे जैसी कुरीति को समाज से खत्म करने के लिए अपना सहयोग दें। सचिव रामजी लाल ने बताया कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी कैथल द्वारा युवाओं के उज्ज्वल विष्य को मद्देनजर रखते हुए समय-समय पर नशा मुक्ति सेमिनार आयोजित करती है। इस मौके पर नरेश ढुल, पवन, बीरबल दलाल, रामपाल मौजूद रहे।