संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा भवन एवं संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से श्रमिकों के सहायतार्थ अमरगढ़ गामड़ी में सोमवार को अंत्योदय आहार योजना के तहत भाजपा की जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी एवं पूर्व विधायक लीला राम ने कैंटीन की शुरुआत की। इसमें महज 10 रुपये में पौष्टिक और संतुलित भोजन श्रमिकों को उपलब्ध करवाया जाएगा।
कैंटीन के खुलने से श्रमिकों को काफी लाभ पहुंचेगा। उन्हें कम दाम में अच्छा खाना मिलेगा और समय भी बचेगा इस कैंटीन से आस-पास कि दर्जन भर से अधिक औद्योगिक इकाइयों के श्रमिकों को बड़ा लाभ मिलेगा।
कैंटीन के शुभारंभ अवसर पर जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के कल्याण की दिशा में काम कर रही है। श्रमिकों के लिए यह बड़ी राहत है। पूर्व विधायक ने कहा कि सरकार की सोच है कि हर व्यक्ति तक खाना पहुंचे और पीने के लिए पानी। सरकार की ओर से कई जगह ऐसी कैंटीनें खोली जा रही है ताकि जरूरतमंद व्यक्ति को सस्ती दर पर खाना उपलब्ध हो। इससे पहले अनाज मंडी व नए रेलवे स्टेशन के निकट भी कैंटीन चल रही है। इनसे आम गरीब मजदूर को बड़ी राहत मिलेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में प्रदेश लगातार तरक्की कर रहा है। उन्होंने श्रमिक वर्ग का आह्वान किया कि सरकार की इन योजनाओं का लाभ उठाए। हरियाणा भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की सहायक कल्याण अधिकारी ऊषा अरोड़ा ने बताया कि बोर्ड की ओर से श्रमिकों के सहायता के लिए कैंटीन की शुरूआत की है।
इससे पहले भी दो कैंटीन जिले में चलाई जा रही है। कैंटीन खुलने से आसपास के श्रमिकों को काफी लाभ होगा। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह की प्रधान गीता व सचिव सीमा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।