संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। बारहवीं कक्षा में उत्तीर्ण होने के बाद अब विद्यार्थियों ने कॉलेजों में दाखिले की
तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि उच्चतर शिक्षा विभाग ने अभी दाखिले को लेकर शेड्यूल जारी नहीं किया है।
प्रवेश प्रक्रिया जून में शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। विद्यार्थियों ने अभी से अपने मनपसंद कॉलेज में दाखिला लेने की योजना बनानी शुरू कर दी है। इस बार जिले के लगभग 15 हजार विद्यार्थियों ने 12वीं पास की है। कैथल जिले में 15 कॉलेजों में नौ हजार सीटें है और 18 आईटीआई में छह हजार सीटें, दो बहुतकनीकी संस्थान हैं जिनमें 600 सीटें हैं और एक संस्कृत
विश्वविद्यालय हैं।
गौरतलब है कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की तरफ से बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया है। परिणाम जारी होने के साथ ही विद्यार्थियों की कॉलेजों में दाखिले को लेकर दौड़ शुरू हो चुकी है। विद्यार्थी उच्चतर विभाग की वेबसाइट पर जाकर अपने बेहतर भविष्य के लिए पाठ्यक्रम व कॉलेज का चयन कर रहे हैं, ताकि दाखिला प्रक्रिया शुरू
होते ही निर्धारित मापदंड पूरे कर अपना दाखिला सुनिश्चित करवा सकें। विद्यार्थी अपने दाखिले के लिए जरूरी दस्तावेज पूरे करवाने में जुटे हुए हैं।
महाविद्यालयों में हर वर्ष खाली रह जाती हैं सीटें
12वीं कक्षा पास करने के बाद काफी विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों में जुट जाते हैं। वहीं मेधावी विद्यार्थी कोचिंग सेंटरों को प्राथमिकता देते हैं। यही कारण है कि जिले के महाविद्यालयों में सीटें भर पाना मुश्किल हो जाता है। आंकड़ों पर नजर डालें तो जिले के अधिकतर महाविद्यालयों में हर साल करीब 30 फीसदी सीटें रिक्त रह जाती हैं। महाविद्यालय प्रबंधन को सीटों के भरने की चिंता रहती है। इसके लिए ओपन काउंसिलिंग भी करवाई जाती है।
उच्चतर शिक्षा विभाग की तरफ से कॉलेज में अभी दाखिला प्रक्रिया को लेकर किसी प्रकार का शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। संभावना है कि जून में दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।-डॉ. संजय गोयल, आरकेएसडी प्राचार्य।