संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गुहला-चीका में टटियाना बॉर्डर व खनौरी मार्ग पर संगतपुरा गांव में एक तरफ से बॉर्डर खुलने के बाद अब यात्रियों को हरियाणा रोडवेज बसों के संचालन का इंतजार है। दरअसल, कैथल से पंजाब जाने वाली सभी बसें इस समय पूरी तरह से बंद हैं। हालांकि दोनों बॉर्डरों पर पंजाब रोडवेज की बसों का संचालन उस तरफ से जारी हैं।
टटियाना बॉर्डर पर भी घग्गर पार पंजाब के क्षेत्र में पटियाला व समाना तक बसों का संचालन हो रहा है, लेकिन बॉर्डर के बंद होने के हरियाणा रोडवेज की बसें बंद हैं। अब बॉर्डर खुलने के बाद अगले एक से दो दिन तक शुरू हो चुकी है। पंजाब के पटियाला व समाना के लिए कैथल से 30 से अधिक बसों के समय है।
पंजाब जाने के लिए रास्ता बंद होने के चलते पिछले एक महीने से अधिक समय से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इस दौरान यात्रियों को चार से पांच किलोमीटर तक का सफर तय करना पड़ रहा है। अब तो गर्मी भी शुरू हो चुकी है। ऐसे में यात्रियों को और अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। ऑटो चालक भी ज्यादा किराया ले रहे थे।
गुहला-चीका में टटियाना बॉर्डर व खनौरी मार्ग पर संगतपुरा गांव में बॉर्डर खोला गया है। परंतु अभी यहां पर पूरी तरह से बड़े वाहन निकालने के लिए रास्ता नहीं बनाया गया है। जैसे ही जिला प्रशासन यहां पर रास्ता बना देगा तो उसके बाद पटियाला व समाना जाने वाली बसें शुरू कर दी जाएंगी। - कमलजीत सिंह, महाप्रबंधक, कैथल डिपो।
अब बाजार में लौटेगी रौनक, बढ़ेगा व्यापार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। पंजाब-हरियाणा के शंभू और खनौरी बॉर्डर पर किसानों का आंदोलन जारी है लेकिन इस बीच डेढ़ महीने बाद हरियाणा प्रशासन ने सोमवार को चीका और पटियाला स्टेट हाईवे के बीच लगाए गए घग्गर नदी पुल पर टटियाना बॉर्डर के बैरिकेड, कंटेनर, पत्थर व कंटीली तार हटा दिए हैं। लोगों ने इस पर खुशी जताते हुए कहा कि अब बाजार में रौनक लौटेगी और व्यापार बढ़ेेगा।
सीमा खुलने पर इस इलाके के लोगों ने खुशी जाहिर की। वैकल्पिक रास्तों को पहले ही खोल दिया गया था। किसान आंदोलन के दौरान 37 से बंद टटियाना बॉर्डर को सोमवार को देर रात तक खोलने का काम चालू कर दिया था और मंगलवार सुबह से 38 वें दिन प्रशासन ने बार्डर को खोलने का काम चालू कर दिया था शाम पांच बजे तक बार्डर से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई।
हरियाणा पंजाब सीमा खुलते ही व्यापारियों व आमजन में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोगों ने बार्डर खोलने पर खुशियां जाहिर की। सीमा बंद होने के कारण व्यापार घाटे में था और लोगों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था। गुहला हलका के विधायक ईश्वर सिंह ने टटियाना बॉर्डर को खोलने पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने प्रदेश के गृह सचिव व पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर से बात की थी और जनता को आ रही परेशानियों से अवगत करवाया था। बातचीत के बाद हरियाणा पंजाब सीमा का टटियाना बॉर्डर खोला गया। इस मौके पर आईटीबीपी उच्च अधिकारी व चीका थाना प्रभारी बलवीर सिंह आदि मौजूद थे।
वहीं टटियाना बॉर्डर को मंगलवार को खोले जाने के बाद स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर की। व्यापारियों ने एक-दूसरे से खुशी का इजहार किया।
पंजाब रोडवेज की बस 40 दिन बाद पहुंची
किसान आंदोलन 2.0 के चलते टटियाना बॉर्डर सील होने पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई थी। जिस कारण पंजाब रोडवेज की बस को हरियाणा में बन कर दिया था। पिछले 15 दिनों से पंजाब रोडवेज की बस टटियाना बॉर्डर पर से वापस पटियाला या समाना जाती थी। लेकिन आज मंगलवार को टटियाना बॉर्डर खुलने के 40 दिनों बाद पंजाब रोडवेज की बस चीका पहुंची।
स्थानीय लोगों ने जताई खुशियां
मार्बल व्यापारी हरजीत सीड़ा सुखपाल सिंह सौरभ गुप्ता ईश्वर चंद ने कहा कि व्यापारियों को नुकसान का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों को हरियाणा पंजाब से टटियाना बॉर्डर खुलने का बेसब्री से इंतजार था, जो पूरा हो गया। इस पर सभी ने खुशी जताई है। उद्योगपति, दुकानदार, व्यापारी, राहगीर 13 फरवरी के बाद से ही टटियाना बॉर्डर को खोलने की मांग कर रहे थे। कैथल पुलिस के अनुसार, वाहनों की आवाजाही के लिए मार्ग खोला गया है।