कैथल। एकीकृत सहकारी समिति विकास परियोजना के तहत हुए घोटाले को लेकर अब एंटी करप्शन ब्यूरो कैथल की टीम ने 33 पैक्स में आए सामान का रिकॉर्ड तलब किया है। इसके तहत एसीबी ने कंप्यूटरों से लेकर फर्नीचर और खरीदे गए अन्य सामानों की जानकारी ली है। इससे पहले एसीबी की टीम ने द केंद्रीय सहकारी बैंक की शाखाओं में आए सामान की भी जांच शुरू की थी। इसके तहत अंबाला की एसीबी ने 31 शाखाओं के सामान का रिकॉर्ड तलब किया था, जिसका ऑडिट एसीबी की अलग-अलग टीमें कर रही हैं।
पैक्स और केंद्रीय बैंक की शाखाओं में फर्जी बिलों पर खरीदा सामान
कैथल जिले में भी पैक्स व केंद्रीय बैंक की शाखाओं में आरोपियों ने फर्जी बिलों पर सामान मंगवा भ्रष्टाचार किया है। एसीबी की तीन टीमें इसकी जांच में जुटी हुई हैं। जल्द ही यह टीमें इन पैक्स व बैंक की शाखाओं में पहुंचकर सामान की जांच के तहत निरीक्षण करेंगी।
वर्जन
आरोपियों की तरफ से पैक्स और केंद्रीय बैंक में फर्जी बिलों पर सामान मंगवाने के मामले में पिछले कई दिनों से रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। इसके तहत अभी रिकॉर्ड को सूचीबद्ध करने का कार्य जारी है। अब पैक्स में आए सामान की भी जानकारी ली जाएगी।
सूबे सिंह, इंस्पेक्टर, एसीबी, कैथल।