गुहला-चीका। चीका शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। एसडीएम मनीष कुमार यादव ने बताया कि कई बार निरीक्षण कर दुकानदारों और रेहड़ी संचालकों को सड़क के नजदीक सामान नहीं रखने और सड़क पर रेहड़ी नहीं लगाने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद अतिक्रमण जारी रहने पर अब नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि दुकानों के बाहर सामान रखने और लोहे के शेड लगाने से सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता है। नगरपालिका की ओर से भी कई बार सड़क किनारे रखा सामान हटाया गया है। एसडीएम ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई दुकानदारों को सेक्शन 152 के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने सभी संबंधित दुकानदारों से जल्द अतिक्रमण हटाने और भविष्य में सड़क व सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण न करने की अपील की। एसडीएम ने कहा कि शहर में नियमित निरीक्षण जारी रहेगा और नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने शहरवासियों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न डालने तथा रेहड़ी संचालकों से निर्धारित स्थानों पर ही काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि चीका को प्रदेश के स्वच्छ शहरों में शामिल करना प्रशासन का लक्ष्य है, जिसके लिए जनभागीदारी जरूरी है।
इनको दिए गए हैं नोटिस...
बंसल इलेक्ट्रॉनिक, सरस्वती इलेक्ट्रॉनिक, अनिल इलेक्ट्रॉनिक, वाधवा इलेक्ट्रिक एंड इलेक्ट्रॉनिक्स, गुरु नानक फैशन हाउस, दीवान जूस कॉर्नर, न्यू पंजाबी इलेक्ट्रॉनिक, राजिंद्र कुमार करियाना स्टोर, अवतार स्वीट्स, पंकज इलेक्ट्रॉनिक्स सहित अन्य दुकानदार शामिल हैं।