फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: उच्च शिक्षा अधिकारी और जिला वन अधिकारी को नोटिस

Tue, 13 May 2025 01:19 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

कैथल। लघु सचिवालय स्थित सभागार में सोमवार को उपायुक्त प्रीति ने जिला स्तरीय नारको समन्वयक समिति (एनकोर्ड) की समीक्षा बैठक ली। इसमें अनुपस्थित रहने पर उच्च शिक्षा अधिकारी व जिला वन अधिकारी को डीसी ने नोटिस जारी किया।

डीसी ने कहा कि अधिकारी ऐसी बैठकों में स्वयं भाग लेना सुनिश्चित करें। यदि किसी अधीनस्थ अधिकारी या कर्मचारी को भेजना पड़े तो वे बैठक में अपनी प्रगति रिपोर्ट जरूर लेकर आएं अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीसी प्रीति ने कहा कि नशा एक बहुत ही संवेदनशील मामला है, जो शरीर के साथ-साथ समाज को भी खोखला कर देता है। इससे निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को गंभीरता एवं संजीदगी के साथ काम करना होगा।
विज्ञापन


बैठक के दौरान जिसे विभाग की जो भी जिम्मेदारी दी जाती है, उसे तय समय पर पूरा करें और उसकी एक्शन टेकन रिपोर्ट भी भिजवाना सुनिश्चित करें। जन जागरूकता अभियान के साथ-साथ नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, उन्हें सजा दिलाई जाए। पुलिस के अनुसार, जिले के करीब 214 गांव नशा मुक्त घोषित किए गए हैं, उनमें विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही बाकी बचे 66 गांवों में फोकस करके उन्हें भी नशा मुक्त बनाया जाए। सभी एसडीएम, बीडीपीओ ग्राम इसमें सहयोग करें और ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान आयोजित करवाकर ग्रामीणों को नशे के कुप्रभावों के प्रति सचेत करें।

डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन का मिशन हर गांव को नशा मुक्त बनाना है। जिसके लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मुस्तैदी एवं समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ-साथ नशा स्रोतों का भी पता लगाएं, ताकि ड्रग सप्लाई चैन को तोड़ा जा सके। नशा तस्करों की प्रॉपर्टी अटैच करवाने की कार्रवाई भी की जाए।

उन्होंने कहा कि जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी नियमित रूप से दवाओं की दुकानों की चेकिंग करें। इसके साथ ही अधिकृत नशीली दवाइयों की बिक्री की मॉनिटरिंग की जाए। सभी एसडीएम अपने क्षेत्र में मेडिकल स्टोर का निरीक्षण करें कि उन्होंने सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं या नहीं। अगर नहीं लगाए तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही अपने क्षेत्र के नशा मुक्ति केंद्रों का दौरा भी करें।

एसपी आस्था मोदी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग पुलिस टीम के साथ मिलकर गांवों में नशा विरोधी मुहिम चलाए। उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए घातक है। अधिकतर छोटी वारदातों के पीछे नशे में लिप्त लोगों का हाथ होता है। इसलिए सभी थानों प्रभारी विशेष निगरानी रखें और कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस अवसर पर जिला परिषद के सीईओ सुशील कुमार, जिला न्यायवादी सुखदीप सिंह, कलायत एसडीएम कृष्ण कुमार, कैथल एसडीएम अजय सिंह, डीआरओ चंद्रमोहन, डीएसपी बीरभान, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीएसपी गुरविंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

स्वयं उगने वाले नशीले पौधों को नष्ट करवाने को कहा

सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मनरेगा की सहायता से नहरों व नालों के आसपास स्वयं उगने वाले नशीले पौधों को जल्द से जल्द नष्ट करवाया जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूल में लगातार जागरूकता अभियान चलाते रहें। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी आईएमए के साथ मिलकर नशे से प्रभावित गांवों में कैंप लगाएं और नशा करने वाले लोगों को नशे की गिरफ्त से बाहर निकलने में मदद करें।
विज्ञापन


डीसी ने जिला न्यायवादी को निर्देश दिए कि एनडीपीएस के केस में कितने लोगों को सजा हुई और कितने छूट गए, इसकी रिपोर्ट हर माह आनी चाहिए। उन्होंने चिन्हित अपराधों की प्रगति रिपोर्ट भी ली। साथ ही पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बैठक से पहले एक्शन टेकन रिपोर्ट जरूर साझा करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें