कैथल। एडीसी बाबू लाल करवा की ओर से राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना को लेकर बुलाई गई समीक्षा बैठक में उपस्थिति न होने पर एडीसी कार्यालय ने जिले के सात विभाग के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
इस संदर्भ में एडीसी कार्यालय की ओर से एक पत्र जारी कर नोटिस देने की जानकारी दी है। इस पत्र में कहा गया कि है सरकार की ओर से शुरू की गई राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना के लिए हर महीने रिव्यू करना होता है।
इस बैठक को लेकर 10 जनवरी को आयोजित की जाने वाली बैठक की सूचना पत्र के माध्यम से दी गई थी, लेकिन इन छह अधिकारियों की ओर से ने तो को ही रिव्यू किया गया और न ही समीक्षा के लिए बैठक में उपस्थित हुए।
इस मामले में एडीसी ने कड़ा संज्ञान लेते हुए जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता कैथल, वन विभाग कैथल के जिला वन अधिकारी, डीआइसी कैथल के उप निदेशक, आरटीए विभाग के सचिव, सरस्वती हेरिटेज डिवीजन नंबर तीन कैथल के कार्यकारी अभियंता, कोयल पर्यटन केंद्र कैथल के प्रबंधक और कैथल की सहकारी समिति बैंक को नोटिस जारी किया है।
सरकार की ओर से सभी विभागों में आईटीआई पास युवाओं को अप्रैंटिस पर रखने के लिए कुल कर्मचारियों का 10 से 15 प्रतिशत तक का प्रावधान किया गया है।