अनाज मंडियों से गेहूं के उठान का कार्य सुचारु होता नहीं दिख रहा है। प्रशासन की कई दिनों की कवायद के बाद ट्रैक्टर-ट्राली चलाने की अनुमति तो मिल गई है लेकिन इसके एक दिन बाद ही नया विवाद खड़ा हो गया है। कई एजेंसियों के गोदामों के बाहर चालक ट्रकों को खड़ा कर चले गए। जिस कारण मंडी से उठान कार्य प्रभावित हो गया है।
आढ़ती कृष्ण कुमार, विजय कुमार, रामनारायण ने कहा कि शुक्रवार को ट्रैक्टर-ट्रालियों के माध्यम से गेहूं का उठान हुआ था। लेकिन एक बार जो ट्रैक्टर उठान करके ले गया, वह गोदामों के बाहर लगी लाइनों में फंस गया। बाद में पता चला कि कुछ ट्रक चालक ट्रकों को एजेंसियों के गोदामों के बाहर खड़ा करके चले गए हैं। ट्रक चालकों का कहना है कि ट्रैक्टर चलाए जाने की अनुमति वापस ली जाए तथा ट्रकों से ही उठान करवाया जाए। गोदामों के आगे ट्रकों के खड़ा होने के कारण गोदामों में गेहूं का भंडारण नहीं हो पा रहा है। जिस कारण अनाज मंडी में से उठान नहीं हो पा रहा है।
जींद रोड पर लगी हैं कतारें
जींद रोड पर ट्रकों एवं ट्रैक्टर चालकों की कतारें लग गई हैं। हैफेड कार्यालय के सामने ट्रक चालकों का कहना था कि 16 टायर के ट्रक में 540, 12 टायर के ट्रक में 400 तथा 10 टायर के ट्रक में 320 कट्टों की अनुमति है। जबकि एक ही ट्रैक्टर-ट्राली में 400 कट्टों का उठान किया जा रहा है। जो ट्रक चालकों के साथ अन्याय है। ट्रैक्टर का व्यवसायिक प्रयोग नहीं हो सकता। जिस कारण इन्हें बंद किया जाए। जब तक ट्रैक्टर बंद नहीं होंगे, वे ट्रक नहीं हटाएंगे।
प्रयास किया जा रहा है : तहसीलदार
उधर, मामले की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार रामचंद्र, सिटी एसएचओ विक्रमजीत सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया। नायब तहसीलदार ने बताया कि कुछ ट्रकों को गोदामों के सामने से हटवा दिया गया है। इसके अलावा सभी गोदामों में अब गेहूं उतारी जा रही है। बरसात के कारण नमीयुक्त गेहूं होने के चलते कुछ समस्या आ रही है। प्रयास किया जा रहा है कि कोई परेशानी न हो।
प्रशासन मामला सुलझाने में जुटा
नई अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान सुरेश मित्तल ने कहा कि ट्रक चालकों द्वारा ट्रकों को आगे खड़ा करने की जानकारी मिली है। इस बारे में डीएफएससी को अवगत करवा दिया गया है। प्रशासन मामले को सुलझाने में लगा हुआ है।
विभागीय आदेश के अनुसार कार्रवाई होगी : डीएफएससी
डीएफएससी सुरेंद्र सैनी का कहना है कि मामले में बातचीत की जा रही है। यदि कोई ट्रक चालक जबरन गोदामों के सामने ट्रक खड़ा करेगा तो उसके खिलाफ विभागीय अधिकारियों के निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उधर, मार्केट कमेटी सचिव रविंद्र कुमार का कहना है कि सुबह कुछ विवाद का पता चला था। दोनों ही साधनों के माध्यमों से उठान करवाया जाएगा। प्रयास किया जा रहा है कि शीघ्र उठान हो जाए। मंडी में करीब चार लाख कट्टे पड़े हुए हैं। दूसरा नमीयुक्त गेहूं होने के कारण भी गोदामों में भंडारण धीमी गति से हो रहा है।