कैथल। जिले में रविवार को भी डेंगू का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। 19 अगस्त को गांव सिसमोर में डेंगू का पहला मामला सामने आया था। विभाग की ओर से अब सैंपलिंग बढ़ाई जा रही है। पहले जहां हर रोज मात्र 2 से 3 सैंपल लिए जा रहे थे, वहीं अब विभाग 7 से 8 सैंपल रोजाना ले रहा है। वहीं घरों में लारवा की जांच भी विभाग ने तेज कर दी है। जिले में हर रोज 30 से 35 घरों में लारवा मिल रहा है और विभाग इनको तुरंत नोटिस थमा रहा है, ताकि भविष्य में लारवा न मिले। हालांकि मौसम अनुकूल होने से आने वाले दिनों में डेंगू के केसों के बढ़ने की संभावना अधिक है। स्वास्थ्य विभाग से डेंगू व मलेरिया के नोडल अधिकारी डॉ. नीरज मंगला का कहना है कि विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और कहीं भी प्लॉटों में पानी जमा मिलता है तो वहां तुरंत दवाई डालकर लारवा को नष्ट किया जा रहा है, ताकि नए मामले न आने पाए। इसके अलावा लोगों को विभाग की टीमें जांच के साथ जागरूक करने का काम भी कर रही है। उनकी भी लोगों से अपील है कि वे कूलर आदि में पानी न डालें या फिर उसको समय समय पर बदलते रहें और एक दिन ड्राई डे के रूप में मनाएं।