कैथल। शहर के निकु वार्ड ही नहीं, बल्कि पूरे जिला नागरिक अस्पताल में आग बुझाने के प्रबंध नहीं है। यदि आग लगी तो इस पर काबू पाना बेहद मुश्किल होगा। इस समस्या पर अधिकारियों का भी कोई ध्यान नहीं है। इसके साथ ही अस्पताल में कई जगहों पर लगाए फायर बुझाने के सिलिंडर भी खराब हो चुके है। वहीं, निकु वार्ड में महज फायर बुझाने के चार सिलिंडर लगाए गए हैं।
गौरतलब है कि अस्पताल में पिछले करीब ढाई साल से फायर फाइटिंग सिस्टम लगाने की प्रक्रिया जारी है। इस प्रक्रिया के तहत अस्पताल परिसर में पानी की पाइपलाइन तो डाली जा चुकी है, लेकिन पानी का टैंक नहीं बनाया है। अस्पताल प्रबंधन का तो कहना है कि इसकी अनुमति मिल चुकी है। इसके बावजूद भी निर्माण कार्य शुरू ही नहीं हो पाया है।
एक करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट
ढाई साल से है अधूरा
जिला नागरिक अस्पताल में आग बुझाने के लिए लगाया जा रहा फायर फाइटिंग सिस्टम को प्रोजेक्ट कुल एक करोड़ रुपये का है परंतु यह प्रोजेक्ट अधूरा है। इसके अधूरा होने के कारण अस्पताल परिसर में आग बुझाने का सही प्रबंध अभी तक नहीं हो पाया है। इस स्थिति में सिलिंडरों को ही लगाया है।
इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि अस्पताल में पाइपलाइन का कार्य 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है। यहां पर पानी के स्टोरेज के लिए एक टैंक बनाया जाना है, जिसे लोक निर्माण विभाग बनाएगा। वहीं, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता केएस पठानियां ने बताया कि टैंक बनाने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी।