कैथल। चीका में चार अप्रैल को मोबाइल दुकान पर फायरिंग करने वाले अन्य बदमाश अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने वीरवार को इन आरोपियों को पकड़ने के लिए जगह- जगह छापा मारी की। घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम तलाश कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की सहायता से पुलिस ने बदमाशों की पहचान की है।
विदित रहे कि 4 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे चानना रोड स्थित दुकान पर दो अज्ञात युवकों ने मोटरसाइकिल पर आकर फायरिंग कर दी थी। हमलावर मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। जिस बारे थाना चीका में प्राथमिकी दर्ज की गई। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एएसआई तरसेम की टीम की ओर से विश्वसनीय गुप्त सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए उक्त मामले में वांछित आरोपी कीर्ति नगर कुरुक्षेत्र निवासी रजत को काबू किया गया था। आरोपी रजत पुनः कोई वारदात करने की फिराक में था। 14 अप्रैल को रात के समय पुलिस टीम की ओर से गुप्त सूचना के आधार पर ढांड क्षेत्र में दबिश दी गई, जहां आरोपी बाइक पर भागने लगा तथा केएमपी 152डी पुल के पास पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आरोपी की ओर से पुलिस पर लगभग चार राउंड फायर किए गए। पुलिस की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर काबू कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार हेतु सिविल अस्पताल कैथल में भर्ती कराया हुआ है।
वर्जन-
स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद