संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/जींद। एनआईआईएलएम विश्वविद्यालय, कैथल ने चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद में आयोजित हरियाणा उत्सव 2025 में अपनी उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया और कई प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतकर इस महोत्सव की शोभा बढ़ाई।
तीन दिवसीय इस उत्सव में प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों ने लोकनृत्य, लोकगीत, नाट्य प्रस्तुति, किस्सागोई, लोक-कथाएँ, पारंपरिक खेल, शिल्पकला और ग्रामीण जीवन के विविध रंगों की प्रस्तुति देकर प्रतिस्पर्धा की।
एनआईआईएलएम विश्वविद्यालय ने इस महोत्सव में खासकर हरियाणवी पुरुष व महिला एकल नृत्य, रागिनी, युगल रागिनी, और ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा, रसिया समूह नृत्य में द्वितीय, हरियाणवी समूह नृत्य में तृतीय, हरियाणवी गजल में दूसरा, हरियाणवी समूह गीत में तीसरा और पुरुष वेशभूषा में दूसरा स्थान विश्वविद्यालय की झोली में रहा।
युवा एवं सांस्कृतिक विभाग की निदेशक डॉ. एकता चहल ने कहा कि विश्वविद्यालय की कल्चरल टीम ने पूरे उत्सव में अपनी कला, संगीत और रंगमंचीय कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय कल्चरल निदेशक शिवम अशोक सिहान ने टीम का नेतृत्व किया। एनआईआईएलएम विश्वविद्यालय की कल्चरल टीम इससे पहले भी हरियाणवी फेस्ट रत्नावली, कुरुक्षेत्र में शानदार प्रदर्शन कर चुकी है। विश्वविद्यालय प्रबंधन एवं कुलपति ने इस उपलब्धि पर टीम को बधाई दी।