संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। स्वास्थ्य विभाग के एनएचएम कर्मचारियों ने मंगलवार को आम जनता के बीच जाकर भीख मांग सरकार के प्रति अपना रोष व्यक्त किया। इस दौरान कर्मचारियों ने धरना स्थल से लेकर छोटू राम चौक से होते हुए बस स्टैंड तक भीख मांगी और निर्णय लिया गया कि भीख में बटोरे गए पैसों को गोशाला में दान के रूप में दिया जाएगा।
गौरतलब है कि एनएचएम कर्मचारी संघ का धरना पिछले 19 दिनों से जिला नागरिक अस्पताल के गेट के सामने चल रहा है। नाराज कर्मचारियों ने बताया कि 1997 से एनएचएम कर्मचारी लगातार 27 वर्षो से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहे है। कर्मचारियों का पिछले 27 वर्षों से लगातार शोषण किया जा रहा है। कर्मचारियों का दैनिक वेतन मनरेगा के तहत मिलने वाली दैनिक मजदूरी से भी कम है।
नाराज बताया एनएचएम कर्मचारियों ने बताया कि सरकार के उच्च अधिकारी की कर्मचारियों के साथ बैठक हुई थी। बैठक में सरकार ने केंद्र से मिलने वाले सहायता राशि की कमी व राज्य पर आर्थिक बोझ बढ़ने का हवाला देकर कर्मचारियों की जायज मांगो को नकारा था।
इसके बाद कर्मचारियों ने फंड की कमी को पूरा करने के उद्देश्य से भीख मांग कर रोष प्रदर्शन किया, ताकि सरकार के खजाने पर पड़ने वाले अतिरिक्त बोझ की भरपाई की जा सके।