संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। करवा चौथ को लेकर नवविवाहिताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नवविवाहिताओं के लिए पहला करवा चौथ केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं बल्कि वैवाहिक जीवन से जुड़ी नई भावनाओं और यादों का अवसर भी है। सरगी, श्रृंगार, पूजा और परिवार के साथ बिताए पलों ने उनके पहले करवा चौथ को खास बना दिया। शादी के बाद पहली बार करवा चौथ का व्रत रखने वाली मोनिका, फाल्गुनी व सिमरन के लिए यह पर्व यादगार अनुभव लेकर आया। तीनों ने पति की लंबी उम्र की कामना के साथ व्रत रखा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पर्व मनाया।
सासू मां के उपहारों ने बनाया पर्व खास : मोनिका
मोनिका ने बताया कि करवा चौथ का व्रत उनके लिए बेहद सुखद अनुभव रहा। पर्व को लेकर वह काफी उत्साहित थीं। पारंपरिक रस्मों के साथ व्रत मनाकर उन्हें अच्छा लगा। सासू मां की ओर से मिली सुंदर साड़ी और अन्य उपहारों ने उनकी खुशियां बढ़ा दीं। शाम को कथा सुनने और तुलसी मां को जल अर्पित करने का अनुभव भी खास रहा।
विदेश में भी निभाईं भारतीय परंपराएं : फाल्गुनी
फाल्गुनी ने बताया कि विदेश में रहते हुए भी भारतीय परंपराओं का निर्वहन करना उनके लिए सुखद अनुभव रहा। करवा चौथ पर सरगी मिलने और सुंदर उपहारों ने पर्व की खुशियां बढ़ा दीं। परिवार से मिले स्नेह और उपहारों ने इस अवसर को उनके लिए यादगार बना दिया। उन्होंने कहा कि परंपराओं से जुड़कर त्योहार मनाने का अपना अलग आनंद है।
पहली बार रखा करवा चौथ का व्रत : सिमरन
सिमरन ने बताया कि पति की लंबी उम्र की कामना के लिए करवा चौथ का व्रत रखना उनके लिए पहला अवसर था। इस परंपरा को पहली बार निभाने को लेकर वह काफी उत्साहित थीं। उन्होंने पूरे उत्साह के साथ व्रत रखा और पारंपरिक रीति-रिवाजों से पर्व मनाया। उनके लिए यह अनुभव खास और यादगार रहा।
मोनिका
मोनिका
मोनिका
मोनिका
मोनिका