संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। साल वही... महीने बदलने के साथ नई सड़क की हालत पहले जैसी ‘पुरानी’ यानी जर्जर-सी होने लगी है। बात है कैथल-चीका मुख्य मार्ग की। इसी वर्ष 27 मई को विधायक ईश्वर सिंह ने पूजन के बाद इस मार्ग के निर्माण का काम शुरू करवाया था लेकिन अब महज पांच महीनों के बाद फिर से यह जर्जर हालत में पहुंचने लगा है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि सीवन में कैथल की ओर से आते हुए सड़क बिलकुल खत्म हो चुकी है। इसी प्रकार चीका की ओर से आते हुए भी सड़क में कई जगहों पर गड्ढे नजर आ रहे हैं। नतीजतन राहगीरों को फिर से परेशानी झेलनी पड़ रही है।
लोगों का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद इस सड़क का निर्माण हो सका था लेकिन फिर से सड़क अपनी पुरानी दशा में आने लगी है। नगर निवासी राजेश रहेजा, गोलू कामरा, महावीर मंगला, भीषू चौधरी, जरनैल सिंह, पुरुषोतम सिंह, गौरव वधवा, सुभाष गर्ग, नरेश मित्तल, बलविंद्र सिंह व अन्य ने कहा कि सीवन से कैथल जाते सीवन से निकलते ही सड़क बहुत ही खराब हालत में पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि हालत देखकर लगता ही नहीं कि यह सड़क पांच महीने पहले बनाई गई है। बताया गया कि इस स्थान पर पानी की निकासी नहीं न होने से ऐसे हालात पैदा हुए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क बनाने से पहले विभाग को निकासी का बंदोबस्त करना था लेकिन ऐसा नहीं किया गया। खानापूरी कर जल्द सड़क बना दी गई। निकासी की व्यवस्था न करने से सड़क इतनी जल्द खराब होने लगी है।
दूसरी ओर चीका की ओर से भी सीवन में आते ही सड़क पर गड्ढे बन गए हैं और इनको दुकानदार स्वयं ही भर रहे हैं। विभाग को इससे कुछ लेना-देना नहीं है। वाहन चालकों को इसके कारण कारण से भारी परेशानी हो रही है। नगर निवासियों की मांग है कि इस सडक़ की मरम्मत जल्द से जल्द करवाई जाए और सड़क को ठीक करवाया जाए ताकि लोगों की समस्या का समाधान हो सके।