कैथल। शहरवासियों को गर्मी के मौसम में होने वाली पेयजल की किल्लत से बचाने की दिशा में जनस्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत विभाग ने शहर की ज्यादा प्रभावित कॉलोनियों में पुरानी लाइनों के स्थान पर नई पेयजल लाइन बिछाई जाएगी। इससे पुराने शहर सहित अंबाला रोड के आसपास की कॉलोनियों में समस्या से निजात मिलेगी। विभाग ने समस्या के समाधान के लिए करीब एक करोड़ 80 लाख रुपये का टेंडर लगाया है। टेंडर लगने के बाद लाइन बिछाने का कार्य भी शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि पुराने शहर और अंबाला रोड के साथ लगते क्षेत्र में गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या रहती है। यहां पर पहले से बिछाई गई लाइनें भी काफी पुरानी हो चुकी हैं और जर्जर हालत में हैं। ऐसे में रोजाना किसी न किसी गली या मोहल्ले में लाइनों में लीकेज की समस्या भी रहती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए विभाग ने नई लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया है।
पेयजल की किल्लत और लीकेज से संबंधित समस्या की शिकायतें भी अधिकतर इस क्षेत्र से विभाग के पास पहुंचती हैं। रोजाना किसी ने किसी स्थान पर विभाग के कर्मचारी लाइनों को सुधारने के कार्य में लगे रहते हैं। जब तक एक शिकायत का समाधान होता है, तब तक दूसरे स्थान से शिकायत आ जाती है। ऐसे में विभाग इसके स्थाई समाधान का कार्य कर रहा है।
जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ कर्ण बहल ने बताया कि लाइन बिछाने के लिए करीब एक करोड़ 80 लाख रुपये राशि खर्च की जानी है। विभाग ने कार्य शुरू भी कर दिया है। जल्द से जल्द कार्य को पूरा करने का विभाग का प्रयास है।