संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सोमवार और वीरवार को समाधान शिविरों के माध्यम से प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों को अधिकारी पूरी गंभीरता से लें। शिविर के दौरान जो भी शिकायतें प्राप्त होती हैं, उन्हें अनिवार्य रूप से पोर्टल पर दर्ज कर समयबद्ध तरीके से उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी अधिकारी द्वारा शिकायतों के निपटान में लापरवाही बरती गई तो उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
ये निर्देश उपायुक्त अपराजिता ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविरों में प्राप्त होने वाली शिकायतों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जिला उपायुक्तों के साथ समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उपायुक्त अपराजिता ने कहा कि जिन विभागों से संबंधित शिकायतें लंबित पड़ी हैं, उनका शीघ्र समाधान कर आमजन को राहत प्रदान की जाए। समाधान शिविर सरकार के सुशासन के संकल्प को जमीनी स्तर पर उतारने का एक प्रभावी माध्यम है। विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक शिकायत को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निपटाया जाए।