कैथल। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आईजी महिला कॉलेज में बुधवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान रंगोली, प्रदर्शनी, स्लोगन पट्ट, पोषण ड्रेस प्रतियोगिता, बेकार वस्तुओं से खिलौने बनाने की प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। पोषण थाली प्रतियोगिता में नीलम और रेसपी प्रतियोगिता में सुनीता प्रथम रहीं।
इससे पूर्व कार्यक्रम में डीसी डॉ. संगीता तेतरवाल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि बच्चों को सही आहार देकर महिलाएं हिंदुस्तान की नींव को मजबूत करने का कार्य करती है। सही पोषण मिलने से बच्चे पढ़ाई, खेल, शारीरिक श्रम आदि में अच्छा प्रदर्शन करके अपना व अपने अभिभावकों का नाम रोशन करते हैं। डीसी ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई पोषण से संबंधित रैसपी प्रदर्शनी, रंगोली प्रतियोगिता, स्लोगन पट्ट, पोषण ड्रेस प्रतियोगिता, बेकार वस्तुओं से खिलौने बनाने की स्टॉल का अवलोकन किया।
इसके साथ ही उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म को भी पूरा किया। कार्यक्रम के समापन पर डीसी ने विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया। इस मौके पर महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी सुपरवाइवर व वर्करों ने पोषण गीत, पोषण लघु नाटिका, पोषण जागो की प्रस्तुतियां दी। डीसी ने सभी को पोषण की शपथ दिलाई। इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी नीतू पुनिया, ईओ कुलदीप सिंह, सीडीपीओ सुमन मधु, शशि बाला, सुमन पाहुजा, अनिता नैन, गुरजीत कौर, विनिता पवार, सुनीता गर्ग, सीमा सुनेजा, गौरव, मुकेश, सभी सुपरवाइजर व आंगनबाड़ी वर्कर मौजूद रहीं।
ये रहे प्रतियोगिता के परिणाम :
जिला स्तरीय पोषण माह कार्यक्रम में पोषण थाली प्रतियोगिता में हरिपुरा की नीलम प्रथम, टटियाणा की रीना दूसरे व ग्योंग की कविता तीसरे स्थान पर रही। रेसपी प्रतियोगिता में कक्हेड़ी की सुनीता प्रथम, दुब्बल की आशा द्वितीय व राजौंद की सुमन तृतीय रहीं। सॉफ्ट ट्वॉयज प्रतियोगिता में बाकल की मुकेश पहले, गुलियाणा की सावित्री दूसरे, गुहला की बिमला तीसरे स्थान पर रहीं। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना विषय पर रंगोली प्रतियोगिता में राजौंद की मुन्नी प्रतम, सीवन की वृंदा द्वितीय व कैथल की भावना तृतीय रहीं। पोषण रंगोली प्रतियोगिता में प्यौदा की संतरो पहले, पूंडरी की राजबाला दूसरे व गुहला की कृष्णा तीसरे स्थान पर रही।