कैथल। प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने वीरवार को अतिरिक्त नई अनाज मंडी में दौरा किया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि किसानों के खातों में धान खरीद का करीब चार हजार करोड़ रुपये अब तक भेजा जा चुका है।
अनाज मंडी का जायजा लेने के साथ उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कृषि मंत्री ने कहा कि इस बार किसानों की फसल अच्छी निकल रही है और दाम भी बढि़या मिल रहा है। सरकार एवं प्रशासन ने ऐसी व्यवस्था की गई है कि मंडियों में किसानों, आढ़तियों और मजदूरों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आने दी जा रही। प्रदेश सरकार की सोच है कि मंडियों में किसानों की तरफ से फसल बेचने के 72 घंटों के अंदर किसानों के खातों में फसलों का पैसा पहुंचे। इस नीति पर खरा उतरते हुए धान खरीद का लगभग चार हजार करोड़ रुपये किसानों के खातों में भी भिजवाया जा चुका है।
कृषि मंत्री ने कहा कि मंडियों में अब तक करीब साढ़े 28 लाख मीट्रिक धान आ चुका है। इसके अतिरिक्त करीब नौ लाख मीट्रिक टन बासमती धान की खरीदारी की जा चुकी है। यह पिछले वर्ष से अधिक है। उन्होंने कहा कि अबकी बंपर पैदावार का किसानों को लाभ मिला है। प्रदेश की मंडियां ठीक प्रकार से चल रही हैं। इस मौके पर उन्होंने मंडी में लाए गए धान की नमी भी जांची।
कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि अबकी किसानों के चेहरे खिले दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। उन्होंने जिला के मंडियों की खरीद प्रक्रिया की फीडबैक भी ली। इस मौके पर विधायक लीला राम, एसडीएम कपिल कुमार, मार्केट कमेटी सचिव बसाऊ राम, डीडीए डॉक्टर महावीर सिंह, मंडी प्रधान रामकुमार, राम कुमार नैन, हरपाल शर्मा, सोनू ढुल, धर्मपाल कठवाड़, हरेंद्र मानस, लोकेंद्र मानस, कुशलपाल सैन मौजूद रहे।