प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल एनसीसी बटालियन के सदस्यों को सम्मानित करते हुए।
- फोटो : संवाद
कैथल। आरकेएसडी कॉलेज की एनसीसी इकाइयों (10 हरियाणा बटालियन एनसीसी, कुरुक्षेत्र) ने राष्ट्रीय कैडेट कोर स्थापना दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन व सेवा भावना का संचार करती है।
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. गगन के स्वागत के साथ हुई, जिसे लेफ्टिनेंट डॉ. रघबीर लांबा, एएनओ, आरकेएसडी 5/10 कॉय ने कॉलेज गवर्निंग बॉडी के चेयरमैन अश्वनी शोरवाला की उपस्थिति में सम्पन्न किया।
अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने राष्ट्र निर्माण में एनसीसी की अहम भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना का विकास करती है। उन्होंने कैडेटों को रक्षा सेवाओं में करियर के अवसर तलाशने और स्वयं को देशहित में तैयार करने के लिए प्रेरित किया। प्रतिज्ञा समारोह का संचालन लेफ्टिनेंट डॉ. ऋतु कांग, एएनओ, 4/10 कॉय ने किया।
उन्होंने कैडेट्स की निष्ठा और प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद प्रस्ताव भी रखा। कैडेट प्रियांका ने एनसीसी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कोर की ऐतिहासिक विरासत और राष्ट्रीय एकता में इसके योगदान पर अपने विचार रखे। कैडेट अंजली और तान्या ने मंच संचालन करते हुए पूरे कार्यक्रम को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया। इस दौरान कैडेटों को देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा से भरपूर प्रेरणादायक फिल्म ‘यूआरआई: द सर्जिकल स्ट्राइक’ दिखाई गई, जिसने युवाओं में साहस और राष्ट्र-समर्पण की भावना को और मजबूत किया। संवाद