आरकेएसडी स्कूल में रजिस्ट्रेशन करवाते बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भाग लेने वाले खिलाड़ी। कोच
कैथल। कैथल में पहली बार बड़े स्तर पर सीबीएसई नेशनल गर्ल्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। आरकेएसडी स्कूल में 15 से 20 अक्तूबर तक होने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर के सीबीएसई स्कूलों की 600 से अधिक महिला बॉक्सर हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में चीन, दुबई और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के सीबीएसई स्कूलों की खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगी।
मुकाबले अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में करवाए जाएंगे। स्कूल की प्रिंसिपल निवेदिता भट्ट ने बताया कि जिले में पहली बार इतने बड़े स्तर पर सीबीएसई की राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता आयोजित हो रही है। इसमें देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों के सीबीएसई स्कूलों की खिलाड़ी भी भाग लेंगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर देना और बॉक्सिंग के प्रति उनका उत्साह बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 15 अक्तूबर को राष्ट्रीय विद्या समिति के प्रधान अश्वनी शोरेवाला करेंगे। छह दिन तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में अलग-अलग आयु वर्गों की खिलाड़ी रिंग में उतरेंगी और पदक जीतने के लिए मुकाबला करेंगी।
आरकेएसडी स्कूल के खेल के विभागाध्यक्ष पवन शर्मा ने बताया कि राज्य स्तर हुई प्रतियोगिताओं की विजेता महिला बॉक्सर ही प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं। राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन स्कूल के साथ साथ पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। इससे स्कूल की नहीं कैथल जिले की पहचान पूरे देश और विदेशों तक बनेगी। बॉक्सिंग खेलों के साथ साथ खिलाड़ियों के ठहरने सहित सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के पहुंचने से कैथल को राष्ट्रीय खेल आयोजन के केंद्र के रूप में पहचान मिलेगी।
आरकेएसडी स्कूल में रजिस्ट्रेशन करवाते बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भाग लेने वाले खिलाड़ी। कोच