कैथल। राष्ट्रीय महिला आयोग ने भारतीय प्रबंधन संस्थान बेंगलुरू के साथ मिलकर महिलाओं के लिए महिला उद्यमिता में उत्कृष्टता के लिए छह सप्ताह का ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। यह कार्यक्रम हिंदी भाषा में उपलब्ध करवाया गया है। इसके लिए जिले की कोई भी महिला उद्यमी 28 फरवरी तक आईएनएनओवीएटीईआईएनडीआइए.एमवाइजीओवी.इन पर जाकर आवेदन कर सकती है। यह जानकारी देते हुए डीसी प्रदीप दहिया ने बताया कि इस कोर्स के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रहेगी और सभी तथ्य पूर्ण रूप से ऑनलाइन उपलब्ध करवाए जाएंगे। कोर्स को करने के लिए शुल्क राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से वहन किया जाएगा। यह कोर्स नवाचार और उद्यमिता में उत्कृष्टता को बढ़ावा देता है और इच्छुक महिलाओं की डिजिटल शिक्षा को समर्थन और प्रायोजित करने के लिए हिंदी में एक सहयोगी ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम की कल्पना है। महिलाओं को यह प्रशिक्षण जरूर प्राप्त करना चाहिए। राष्ट्रीय महिला आयोग की यह पहल सराहनीय है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिला उद्यमियों को अपने उद्योग को बढ़ाने में सहायता मिलेगी।