संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद, कैथल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गांव सौंगल स्थित बाबा मुकट नाथ डेरे में उनकी समाधि पर लगे वार्षिक मेले में पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि नाथ संप्रदाय भारत का बहुत ही प्राचीन संप्रदाय है। यह सनातन धर्म के मूल्य और आदर्शों को अंगीकृत करता है। यह संप्रदाय नौ लाख 84 सिद्ध संतों के माध्यम से लोक कल्याण व सनातन धर्म प्रचार के लिए कार्य करता हैं।
सबसे पहले वे डेरा में पहुंचे। इसके बाद सीएम ने सबसे पहले बाबा मुकट नाथ की समाधि पर माथा टेका। इसके बाद मंदिर के पार्क में मौजूद श्रद्धालुओं को संबोधित किया। इस मौके पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नाथों की मूल परंपरा इसी गांव सौंगल से जुड़ी हुई है। इसलिए इस मठ पर आकर के और यहां पर माथा टेक कर बहुत संतुष्टि मिलती है। वहीं, महंत बाबा बालक नाथ ने कहा कि गांव के लोगों को चाहिए कि अपने बच्चों को सनातन शिक्षा की तरफ ज्यादा से ज्यादा बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि स्कूल से बड़ा कोई मंदिर नहीं होता, इसीलिए किसी व्यक्ति के व्यक्तित्व विकास के लिए शिक्षा बहुत जरूरी है और इसमें सनातन शिक्षा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। तत्कालीन गद्दी नशीन बाबा योगी शेरनाथ डेरा सौंगल ने कहा कि गांव में अमन व शांति के प्रतीक के रूप में इस डेरे की प्रतिष्ठा लोगों के दिल में बसती है और गांव में आपसी भाईचारा व सौहार्द का प्रतीक है।
कार्यक्रम में गांव के सरपंच प्रतिनिधि संदीप बांगड़, पूर्व सरपंच शीशपाल, पूर्व सरपंच राजेश शर्मा, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर, ग्रामीण गोपी राम, रमेश, पंजाब सिंह, मास्टर कलीराम, सत्यवान, दरियाराम,मास्टर अशोक चांदी राम, सतीश शर्मा, शमशेर सिंह मलिक पवन कुमार,भले राम, जोगिंद्र आदि उपस्थित रहे।