संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी की ओर से श्री गीता भवन मंदिर में आयोजित मासिक बैठक में सर्वसम्मति नरेंद्र निझावन को प्रधान बनाया गया। उनके समर्थकों ने चयन पर उन्हें बधाई दी।
महासचिव धन सचदेवा ने बताया कि इस बैठक में सर्वप्रथम सामूहिक गायत्री मंत्र के उच्चारण किया। इसके बाद सदस्यों को नव वर्ष, लोहड़ी व मकर संक्रांति पर्व की बधाई दी। इसके बाद संस्था के वरिष्ठ साथी भीमसेन चुटानी के आकस्मिक निधन पर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बैठक में शकुंतला निझावन, जगदीश कालड़ा, ईश्वर दास अरोड़ा, धन सचदेवा, रूपलाल गंभीर व धर्म पाल खत्री ने अपने भजनों से बैठक को अनुग्रहित किया। इसके बाद संस्था के कोषाध्यक्ष श्याम लाल खेड़ा ने पिछले वर्ष का लेखा-जोखा प्रस्तुत कर सदन से पारित करवाया, तत्पश्चात मौजूदा प्रधान नरेंद्र निझावन ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों की समीक्षा प्रस्तुत कर अपने पद से इस्तीफा दिया व पुरानी कार्यकारिणी भंग कर दी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए महेश दुआ ने बताया कि इस बैठक में सदन की ओर से नामित चुनाव अधिकारी वीके चावला के नेतृत्व में सदन से नए प्रधान पद के नाम मांगे। वरिष्ठ संरक्षक इंद्रजीत सरदाना ने पुनः प्रधान पद के लिए नरेंद्र निझावन का नाम प्रस्तावित किया, जिसका अनुमोदन वरिष्ठ साथी तुलसी दास सचदेवा ने किया और नरेंद्र निझावन के प्रधान पद पर सदन में उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति जताई।
इस बैठक में जनवरी माह में जन्मे साथियों ज्ञान प्रकाश कुमार, राजकुमार दुआ, भीमसेन सचदेवा,हरी चंद, अशोक गोगिया, चमनलाल वधवा, रामदास मदान, रमेश सरदाना, ओमप्रकाश पुन्याणी, मेहर चंद सिंगला व सुषमा खुराना का जन्मदिन हर्षोल्लास पूर्वक सम्मान पट्टिका पहनाकर व उपहार भेंट कर मनाया गया।