पूंडरी के गांव डीग में पानी निकासी न होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में मुख्य मार्ग पर सड़क के एक ओर पानी निकासी के लिए नाला बनाया गया है। लंबे समय से नाला ब्लॉक होने पानी सड़क पर जमा हो रहा है। वहीं मामूली बूंदाबांदी में स्थिति ओर भी खराब हो जाती है। बीते दो दिनों से हो रही लगातार बारिश से स्थिति ओर भी बिगड़ी हुई है।
यहां सड़क पर दो-दो फीट जमा हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदारों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। ग्रामीणों रामफल, विक्रम, मुकेश, पवन, शिशपाल, पालाराम, रींकू, दीपक, सन्नी व नीरज ने बताया कि गांव में पानी निकासी की सही व्यवस्था सही न होने मुख्य मार्ग पर हुआ जलभराव हो रहा है। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। साथ ही लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है। पानी निकासी की उचित व्यवस्था होने के कारण सोमवार व मंगलवार को हुई बरसात से सड़क पर पानी ही पानी हो गया। गांव में चौचड़ा रोड, पर जलभराव की स्थिति बनी हुई। ग्रामीणों का ये भी कहना है कि डीग-चौचड़ा रोड पर थोड़ी सी बूंदाबांदी से जलभराव हो जाता है।
बता दें कि चौचड़ा मार्ग पर दो-दो फीट तक पानी जमा होने के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी आ रही है। बरसाती पानी जमा होने के कारण सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है। गड्ढे में बरसाती पानी जमा होने के कारण बड़ा हादसा हो सकता है। नालों की ऊंचाई सड़क से भी ऊंची होने के कारण इन नालों में सड़क का भी पानी नहीं जाता और यह पानी उनकी दुकानों व घरों के सामने भरा रहता है, जिससे उनका धंधा भी चौपट होकर रह गया है। मकानों का भी नुकसान होने का भय बना रहता है।
लगभग पचास मीटर के इस टुकड़े में पानी जमा होने से आए दिन वाहन चालक चोटिल हो रहे है। ज्यादा परेशानी रात के समय होती है। सोमवार रात्रि एक बाइक सवार यहां से गुजरते समय बाल-बाल बचा। इससे ग्रामीणों व वाहन चालकों में काफी रोष है।
नाला ब्लॉक होने से लोगों के घरों में गंदा पानी जमा हो रहा है। स्थानीय निवासियों चतरसिंह, बसी राम, सन्नी, ने बताया कि सड़क पर काफी मात्रा में पानी जमा होने काफी परेशानी हो रही है। यहां पानी की निकासी नहीं है जिससे उनके घरों में गंदा पानी जमा हो रहा है। उन्होंने समस्या को दुरुस्त करवाने की मांग की। डीडीपीओ जसविंद्र सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। संबंधित अधिकारियों को इस बारे में निर्देश दिए गए हैं। जल्द समस्या को दुरुस्त कराया जाएगा।