संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नोएडा में हुई राष्ट्रीय सब जूनियर प्रतियोगिता में गांव करोड़ा की मुक्केबाज महिला खिलाड़ी नैतिक ने स्वर्ण पदक जीता। अपने फाइनल मुकाबले में नैतिक ने महाराष्ट्र की खिलाड़ी को पांच शून्य से मात दी। नैतिक की इस जीत पर जिले में खुशी की लहर है। नैतिक का कैथल पहुंचने पर गांव करोड़ा में सम्मानित किया जाएगा।
कोच अमरजीत सिंह व कोच देवेंद्र ने बताया कि 20 से 26 मार्च को नोएडा में हुई तीसरी राष्ट्रीय सब जूनियर प्रतियोगिता में गांव करोड़ा की नैतिक ने 49 से 52 किलो भार वर्ग में खेलते हुए बेहतरीन खेल प्रदर्शन किया। नैतिक के चारों मुकाबले जीते हुए सेमीफाइनल में पंजाब की खिलाड़ी को पांच शून्य से हराया। फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र की खिलाड़ी को भी पांच शून्य से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
नैतिक के पिता ट्रक चालक रणदीप ने बताया कि मुझे अपनी बेटी पर गर्व है और आशा करते हैं कि वह भविष्य में ओर पदक जीत कर देश का नाम रोशन करे। नैतिक की मां मैना देवी गृहिणी है। नैतिक दो बहन व एक भाई है।
वह गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा नौवीं में पढ़ती है। पहले भाणा स्थित बॉक्सिंग नर्सरी में कोच देवेंद्र से गुर सीखे। आठ वर्षों से चौ. छोटूराम स्टेडियम स्थित नर्सरी में कोच अमरजीत सिंह से सीख रही है।