जानकारी देते राजेश शर्मा पिंटू
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
राजेश शर्मा पिंटू नगर पालिका चीका में कोई भी काम ना होने के लिए विधायक कुलवंत बाजीगर को जिम्मेवार बता रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार को इसी आरोप में विधायक बाजीगर के खिलाफ एसडीएम दफ्तर के सामने धरना देने का एलान किया है। धरने की अगुवाई नगर पालिका चीका की अध्यक्ष और पिंटू की पत्नी अमनदीप शर्मा करेंगी। धरने में शहर के प्रतिष्ठित लोगों के साथ-साथ नगर पालिका के 9 पार्षद भी हिस्सा लेंगे। अपने निवास पर बुलाई प्रेस कांफ्रेंस में वीरवार को पिंटू ने एलान किया कि फिलहाल धरना एक दिवसीय है लेकिन फिर भी यदि विधायक ने नगर पालिका के कामों में टांग अड़ाना बंद ना किया तो आंदोलन को निरंतर भी किया जा सकता है। एक सवाल के जवाब में पिंटू ने कहा कि वे भाजपा संगठन में लंबे समय से पदाधिकारी हैं तथा विधायक कुलवंत बाजीगर भी भाजपा से हैं। इसके बावजूद जनता के हितों के लिए उन्हें मजबूरन विधायक के खिलाफ सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। पिंटू ने कहा कि चाहे कुछ हो जाए यह लड़ाई जारी रहेगी।
कम्युनिटी हॉल है तनाव की जड़
हालांकि पिंटू व विधायक बाजीगर के बीच 36 का आंकड़ा तभी बन गया था जब विधायक के विरोध के बावजूद पिंटू अपनी पत्नी अमनदीप कौर को चीका का अध्यक्ष बनवाने में कामयाब हो गये थे। उस वक्त सांसद राजकुमार सैनी ने पिंटू का समर्थन किया था। बताते हैं कि उसके बाद सैनी ने दोनों पक्षों को नजदीक लाने की कोशिश की थी मगर कल्लर माजरा के निकट बनने वाले एक कम्युनिटी हॉल को लेकर दोनों पक्षों में तलवारें खिंच गई। विधायक कुलवंत बाजीगर गांव कल्लर माजरा के निकट चीका नगर पालिका की जमीन पर एक विशाल कम्युनिटी हाल बनाना चाहते हैं, जिसके लिए सीएम कोटे से साढ़े 3 करोड़ रुपये की ग्रांट भी आ चुकी है। वहीं पिंटू उक्त जमीन को शहर से दूर होने की बात कहकर कम्युनिटी हॉल बनाने का विरोध कर रहे हैं। चूंकि उक्त कम्युनिटी हॉल नगर पालिका चीका के तहत बनना है और उसकी फाइल पर अध्यक्षा अमनदीप शर्मा साइन नहीं कर रही इसलिए हॉल का निर्माण लटका पड़ा है। पिंटू गुट का आरोप है कि विधायक बाजीगर इसी चक्कर में नगर पालिका के तहत कोई विकास नहीं होने दे रहे तथा अधिकारियों पर अपने प्रभाव के चलते उन्हें चुने हुए पार्षदों की अवज्ञा का आदेश दे रहे हैं।
कहीं नहीं गए कमल चौधरी
पिंटू ने अपने साथ बैठे वार्ड 11 के पार्षद कमल चौधरी को भी पत्रकारों से मुखातिब करवाया और कहा कि कमल चौधरी ने कोई गुट नहीं बदला है तथा उनकी आस्था आज भी अध्यक्षा अमनदीप शर्मा के साथ है। कमलजीत चौधरी ने कहा कि बुधवार को विधायक उनके वार्ड में पानी की निकासी के लिए बनने वाले नाले का शुभारंभ करने आए थे, इसलिए वार्ड प्रतिनिधि होने के नाते वे वहां गए थे, लेकिन वहां उन्होंने ऐसा माहौल बना दिया कि जैसे मैं गुट बदलकर उनके समर्थन में चला गया हूं। कमल चौधरी की बात को आगे बढ़ाते हुए राजेश शर्मा पिंटू बोले ऐसे तो विधायक अगर कहीं चेयरपर्सन के वार्ड में भी अगर आएंगे तो लाख विरोध के बावजूद वे भी विधायक का स्वागत करने वहां जाएंगी, मैं भी जाऊंगा।