न्यूज एंकरिंग में सचिन प्रीत कौर द्वितीय
संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इंदिरा गांधी पीजी महिला महाविद्यालय में जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग में तृतीय वर्ष की छात्रा सचिन प्रीत कौर ने राष्ट्र स्तरीय मीडिया फेस्टिवल में दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त कर कॉलेज का मान बढ़ाया। प्रबंधक समिति प्रधान राम बहादुर खुरानिया ने कहा कि 11 मार्च को आर्य पीजी कॉलेज पानीपत में 10वां राष्ट्र स्तरीय मीडिया फेस्टिवल आयोजित किया। इसमें कॉलेज की चार छात्राओं ने भाग लिया व जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग की छात्रा सचिनप्रीत कौर ने न्यूज़ एंकरिंग में दूसरा स्थान प्राप्त किया और आरजे हंट में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इसमें पुरस्कार स्वरूप छात्रा को दोनों इवेंट्स के लिए स्मृति चिह्न व प्रशंसा पत्र प्रदान किया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग ने छात्रा को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर सांयकालीन सत्र की प्राचार्या प्रभारी श्वेता तंवर, सीमा सुनेजा और नवनीत मौजूद रहीं।
तीन छात्राओं का आरोही स्कूल में हुआ चयन
राजौंद। आरोही स्कूल में सत्य भारती फाउंडेशन की ओर से संचालित सत्या भारती स्कूल रसीना की तीन छात्राओं का मॉडल स्कूल ग्योंग में चयन हुआ। मुख्य शिक्षक राजेंद्र शर्मा ने बताया कि परीक्षा परिणाम में अंजना, सानिया और सारा ने मेरिट में स्थान प्राप्त किया है। अभिभावकों ने उनकी इस सफलता का श्रेय सत्य भारती स्कूल रसीना के मेहनती एवं लग्नशील स्टाफ को दिया है। जो निरंतर बच्चों के बेहतर विकास के लिए कार्य करते हैं। इस मौके पर राजेंद्र कुमार, स्मृति शर्मा, सुषमा रानी, सोनिया, सविता देवी और सोनिया रानी मौजूद थी। संवाद
कोलाज बनाओ प्रतियोगिता में रवीना को तीसरा स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इंदिरा गांधी पीजी महिला महाविद्यालय की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा रवीना ने इंटर कॉलेज कोलाज बनाओ प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर छात्रा को सम्मानित किया गया।
प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग ने बताया कि तिलक राम कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन सोनीपत के महिला प्रकोष्ठ की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इंटर कॉलेज कोलाज बनाओ प्रतियोगिता करवाई। इसमें बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा रवीना ने तीसरा स्थान प्राप्त किया और 500 रुपये नकद पुरस्कार स्वरूप प्राप्त हुए। प्रबंधक समिति प्रधान राम बहादुर खुरानिया ने छात्रा को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस मौके प्राचार्या प्रभारी श्वेता तंवर, मोनिका गुगलानी, सीमा सुनेजा और अरुणा उपस्थित रही।