संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कुरुक्षेत्र के झांसा में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर खो-खो प्रतियोगिता में कैथल जिले के लड़के और लड़कियों की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन कर प्रथम ट्रॉफी और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। शुक्रवार को हुए दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबलों में हरियाणा की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
आयोजकों ने विजेता टीमों को ट्रॉफी और स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इस सफलता पर जिले के खेल प्रेमियों, परिजनों और कोचिंग स्टाफ ने बधाई दी। कोच शमशेर सिंह और डीपीई रजनी बाला ने बताया कि डूल्याणी गांव की चंचल, कोमल और नैना गांव की सोनम ने हरियाणा की लड़कियों की टीम का प्रतिनिधित्व किया, जबकि हरसोला गांव के अंकुश, आशीष और विश्वजीत ने लड़कों की टीम में हिस्सा लिया। दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतर खेल प्रदर्शन दिखाया ओर जीत हासिल की। इनकी जीत पर डूल्याणी व हरसोला में भी खुशी की लहर है।
कोच शमशेर सिंह ने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। इस उपलब्धि ने जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है और युवा खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हैं।
इस मौके पर डीपीई रजनी बाला ने कहा कि खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया, जो उनकी मेहनत और कोचिंग के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी आगे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। उधर, जिले में इन खिलाड़ियों का भव्य स्वागत करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
ये रहे खेल परिणाम
लड़कों के सेमीफाइनल मुकाबले में हरियाणा ने कर्नाटक को 15-12 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में उत्तर प्रदेश को एक इनिंग और एक प्वाइंट से हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, लड़कियों ने महाराष्ट्र को सेमीफाइनल में मात दी और फिर फाइनल में राजस्थान को एक इनिंग और दो प्वाइंट से हराकर प्रथम ट्रॉफी पर कब्जा किया।