संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सरसों खरीद प्रक्रिया के तहत कलायत, कैथल, पूंडरी व राजौंद मंडी में 27 मार्च से सरसों की खरीद शुरू हो चुकी है। अभी नमी अधिक होने के कारण एमएसपी से कम भाव पर सरसों बिक रहा है।
इस खरीद प्रक्रिया में इस बार भी आढ़ती हिस्सा तो नहीं बन रहे हैं, लेकिन हैफेड की ओर से यह खरीद जारी है। इसके लिए मंडियों में अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
हैफेड की तरफ से सरसों की खरीद मंडियों से की जा रही है। एमएसपी भाव पर सरसों खरीदी जा रही है। पिछले साल एमएसपी 5450 रुपये था, जो इस बार बढ़ाकर 5650 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। गौरतलब है कि जिले में इस बार 3500 एकड़ में सरसों की खेती की है। कलायत, राजौंद व पूंडरी क्षेत्र के किसान सरसों की अधिक खेती करते हैं।
सरसों की खरीद को लेकर मंडियों का दौरा किया जा रहा है। एमएसपी पर सरसों की फसल खरीदी जा रही है। अब तक 400 क्विंटल से ज्यादा सरसों की खरीद की जा चुकी है। रोजाना सरसों की खरीद हो रही है। किसानों से अपील की जा रही है सरसों को सूखा कर ही मंडियों में लेकर आएं, ताकि अच्छे भाव मिल सके। -कृष्ण श्योराण, जिला प्रबंधक, हैफेड, कैथल।