अनैतिक संबंधों के आड़े आ रहे ससुर की हत्या के मामले में कलायत पुलिस ने पुत्र, पुत्रवधू व उसके प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को परिजनों ने डीएसपी से मिलकर मामला दर्ज करने की मांग की थी। बुजुर्ग की 4 अगस्त को मौत हो गई थी।
कलायत उपमंडल के गांव कमालपुर में यह दर्दनाक वाकया 4 अगस्त को घटित हुआ था। अज्ञानता वश परिजनों और गांव के लोगों ने रात्रि में मृतक रामेश्वर का अंतिम संस्कार कर दिया था। दाह संस्कार के दो दिन बाद जब हत्या का खुलासा हुआ तो परिजन व गांव के लोग सन्न रह गए। इस मामले को लेकर गांव कमालपुर के अनेक लोग शुक्रवार को एसडीएम व डीएसपी को मिले थे। डीएसपी रवींद्र सांगवान ने गांव के लोगों को आश्वस्त किया था कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई अवश्य होगी। कलायत थाना प्रभारी सोमवीर ने बताया कि मृतक रामेश्वर के भतीजे राजकुमार की शिकायत पर दोषियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भतीजे राजकुमार ने आरोप लगाया कि 4 अगस्त को रात्रि 8 बजे मृतक रामेश्वर के पुत्र कंवर भान ने उसे बताया कि उसके पिता कमरे में मरे पड़े हैं। वह कंवरभान के साथ जब कमरे में पहुंचा तो देखा उसके चाचा रामेश्वर मरे पड़े थे पर उनका चेहरा बुरी तरह से जला हुआ था। पूछे जाने पर कवंरभान ने बताया कि उसके पिता को कुत्तों ने नोच लिया है। पूरी तरह से सदमे में परिजनों व गांव वालों ने मिल कर निर्णय लिया कि रात्रि में ही मृतक का संस्कार कर दिया जाए। इसलिए रामेश्वर का दाह संस्कार रात्रि में ही कर दिया। राजकुमार ने कहा कि दाह संस्कार के दो दिन बाद उन लोगों को पता चला कि उसके चाचा स्वाभाविक मौत नहीं मरे बल्कि उनका कत्ल हुआ है। बड़ी चालाकी से परिजनों व गांव वालों को बेवकूफ बना कर मृतक का दाह संस्कार भी रात्रि में ही करवाया गया। उन्होंने बताया कि इस परिवार की एक महिला का किसी के साथ अनैतिक संबंध था। उस व्यक्ति के समय समय घर आने का रामेश्वर विरोध करता था। उसके चाचा द्वारा लगातार एतराज को देख कर उन्होंने उसे ठिकाने लगाने का प्लान बना लिया। दो दिन इस मामले में तैयारी करके 4 अगस्त रात्रि में उनका कत्ल कर दिया और सबूतों को मिटाने के लिए मृतक के चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया। थाना प्रभारी सोमवीर ने बताया कि राजकुमार की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कलायत पुलिस ने पुत्रवधु उसके बेटे और प्रेमी के खिलाफ हत्या, सुबूत मिटाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नही हो पाई थी।