कैथल। चीका में टैक्सी चालक की हत्या मामले में क्राइम ब्रांच ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि खनौरी पंजाब से हत्या आरोपी गुलशन उर्फ बिट्टू वासी भलां जिला संगरूर को गिरफ्तार किया था। उसे वीरवार तक दो दिन के रिमांड पर लिया गया। इस दौरान पूछताछ के आधार पर आरोपी के नाबालिग पुत्र जज्जी उर्फ जयदेव उर्फ जय बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से मृतक का मोबाइल बरामद कर लिया। आरोपी को न्यायालय के आदेश पर बालसुधार गृह भेज दिया गया।
रॉड से कर दी थी हत्या
पुलिस प्रवक्ता रोशन लाल खटकड़ ने ृबताया कि जसवीर उर्फ जस्सी वासी नाभा पंजाब टैक्सी चलाता था। 11 जुलाई की शाम वह, मामा का लड़का देवेंद्र सिंह वासी पटियाला अपने दोस्तों सूरज, बिन्नी, टिंकू के साथ चीका में चिकन खाने के लिए थे। बांबे मुल्तानी चिकन कार्नर मे खाना खाना खाने बाद वहां देवेंद्र के परिचित गुलशन उर्फ बिट्टू व उसका पुत्र जय आए और होटल में ताश खेलने लग गए।
इस बीच देर शाम होने पर जब पिता-पुत्र ने होटल में खाने का आर्डर दिया तो होटल में खाना समाप्त हो चुका था। देवेंद्र ने उनसे कहा कि बाहर खड़ी इनोवा गाड़ी में चालक है, उसे साथ लेकर किसी अन्य होटल से खाना ले आओ।
दोनों होटल से बाहर गाड़ी के पास आए तो वे उसकी सवारियों के साथ नहीं थे, इसलिए चालक ने उनके साथ जाने से मना कर दिया। इसी बहसबाजी में तैश में आए पिता पुत्र ने गाड़ी में ही पड़ी बाइक शॉकर रॉड उठा से चालक पर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी।