संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला जेल में 11 वर्षीय बेटी की हत्या के आरोप में बंद जींद के जयपुर गदड़ी गांव निवासी गोवर्धन (35) ने देर रात बाथरूम में शॉल का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार की रात करीब एक बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी बैरक से चुपचाप उठकर बाथरूम में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। जब अन्य कैदी और स्टाफ सो रहे थे, उसी दौरान उसने जेल में उपलब्ध शॉल से फंदा बनाकर बाथरूम की खिड़की से लटककर आत्महत्या कर ली, ताकि किसी को भनक न लगे।
बुधवार की सुबह गिनती के दौरान जब वह बैरक में मौजूद नहीं मिला तो जेल स्टाफ को संदेह हुआ। बाथरूम का दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया, जहां आरोपी फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और यह भी जांचा जा रहा है कि जेल सुरक्षा में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई।
गोवर्धन को अपनी ही बेटी की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल एसपी अशोक कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रेप और हत्या का मामला दर्ज था। आरोपी ने बाथरूम में जाकर परने से फंदा लगाकर आत्महत्या की है। मामले की जांच की जा रही है।
पत्नी के चरित्र पर करता था शक
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि गोवर्धन अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और बेटी को नाजायज औलाद मानता था। वह घर से यह कहकर निकला था कि बेटी को मामा के घर छोड़ने जा रहा है। बाद में उसने खुद फोन कर पुलिस को सूचना दी थी कि रास्ते में काले रंग की स्कॉर्पियो में आए कुछ लोग उसकी बेटी को ले गए हैं।