मुनीश नैन को अलंकृत करते अधिकारी। स्कूल
कैथल। जाट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के एनसीसी केयर टेकर ऑफिसर मुनीश नैन को एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर के रूप में कमीशन प्रदान किया गया है। 10 हरियाणा बटालियन एनसीसी, कुरुक्षेत्र मुख्यालय में आयोजित पिपिंग सेरेमनी में उन्हें सेकंड ऑफिसर की रैंक से सम्मानित किया गया। बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल हरप्रीत सिंह और रिसालदार मेजर वीरेंद्र सिंह ने उनकी वर्दी पर रैंक के सितारे लगाए। अधिकारियों ने कहा कि एनसीसी अधिकारी के रूप में उनकी जिम्मेदारी युवाओं में अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना है। मुनीश नैन ने जून-जुलाई में ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी, कामठी (नागपुर) से प्री-कमीशन कोर्स उत्तीर्ण किया था। उनकी इस उपलब्धि पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी। संवाद