संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। नगर पालिका कार्यालय के साथ-साथ पैक्स वार्ड नंबर 3 और 4 से मंडवाल रोड को जाने वाली गली में भरे कीचड़ से लोगों का निकलना दुश्वार हो गया है। वार्ड निवासी विशाल, विनोद, कुशल, श्याम और सुंदर ने बताया कि कुछ समय पहले सीवरेज पाइपलाइन दबाने के बाद गली की स्थिति और भी बदतर हो गई है।
लोगों का कहना है कि पूरे नगर की गलियों को पाइपलाइन बिछाने के लिए उखाड़ दिया गया था, लेकिन किसी भी गली की मरम्मत का कार्य नहीं किया गया। अब हालत यह है कि गलियों से पैदल गुजरना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस गली से रोजाना स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों, विशेषकर लड़कियों को बहुत परेशानी झेलनी पड़ती है क्योंकि कहीं से भी सूखा रास्ता नहीं बचा है। गली में पानी निकासी की कोई व्यवस्था न होने के कारण यहां हमेशा कीचड़ युक्त गंदा पानी जमा रहता है, जिससे लोगों को बदबू और मच्छरों की समस्या भी झेलनी पड़ रही है।
निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि गली में पानी की निकासी की उचित व्यवस्था की जाए और जल्द से जल्द रास्ते की मरम्मत करवाई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।