कलायत/कैथल। सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि किसानों की फसल का दाना-दाना खरीदने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के किसान परिवार से होने के कारण कृषि क्षेत्र को इस समय विशेष लाभ मिल रहा है। उनके मार्गदर्शन में फसल खरीद को लेकर ऐसी नीति बनाई गई है, जिसमें पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और आसान हो। सांसद नवीन जिंदल कलायत अनाज मंडी का दौरा कर खरीद प्रबंध का जायजा ले रहे थे। इस दौरान किसानों से बातचीत में उन्होंने बताया कि मेरी फसल, मेरा ब्योरा पोर्टल के माध्यम से सभी किसानों का रजिस्ट्रेशन किया गया है। इसके साथ ही ई-खरीद एप के जरिए किसान अपने मोबाइल पर ही फसल की बिक्री, जे-फॉर्म और भुगतान संबंधी विवरण आसानी से देख सकते हैं। फसल उठने के बाद तय समय में बैंक खाते के माध्यम से भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फसल अवशेष प्रबंधन में सहयोग करने वाले किसानों को दिए जाने वाले प्रोत्साहन राशि को प्रति एकड़ 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,200 रुपये कर दिया गया है। सांसद ने मार्केट कमेटी कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि किसी भी किसान को फसल बेचने में कोई परेशानी न हो। इस अवसर पर सांसद ने कैथल के कपिल कमल भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को त्यौहारों की बधाई भी दी। संवाद