संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कांग्रेस सांसद जयप्रकाश के बेटे विकास सहारण को वोट न देने की अपील महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया के वायरल वीडियो पर हिसार से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश ने पलटवार किया है। उनका आरोप है कि हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन एक संवैधानिक पद पर बैठने के बावजूद भाजपा के लिए काम कर रही हैं।
सांसद जयप्रकाश ने चेयरपर्सन की निंदा करते हुए कहा की जो भी व्यक्ति संविधान को जानता है वो महिला आयोग के उस बयान की निंदा करेगा क्योंकि महिला आयोग की चेयरपर्सन एक संवैधानिक पद पर बैठी हैं।
उन्होंने कहा कि उनका काम से यह साबित होता है कि यह भाजपा के लोगों ने करवाया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि भाजपा ने संविधानिक पदों पर कब्जा किया हुआ है।
उन्होंने कहा मैं महिला आयोग की चेयरमैन की शिकायत चुनाव आयोग से कर सकता हूं लेकिन करूंगा नहीं। सांसद जयप्रकाश ने महिला आयोग के नोटिस के बाद चेयर पर्सन के उस बयान की निंदा की है जिसमें महिला आयोग की चेयर पर्सन ने कांग्रेस सांसद जयप्रकाश के बेटे को वोट न देने की अपील की है। गौरतलब है की सांसद जयप्रकाश ने अपने बेटे और कांग्रेस के उमीदवार विकास सहारण के लिए कलायत विधानसभा में बुलाई एक जनसभा में कहा था की कोई लिपस्टिक और पाउडर लगाकर नेता नहीं बनता।
माफी के बजाय स्पष्टीकरण दे रहे जयप्रकाश : श्वेता
कलायत। कांग्रेस नेत्री श्वेता ढुल ने कहा कि सांसद जयप्रकाश को यदि उनके बेटे के लिए वोट चाहिए तो अपनी दाढ़ी कटवा कर बिंदी पाउडर लगाकर आए। सोशल मीडिया पर उन्होंने जयप्रकाश के बयान को लेकर कविता शेयर की है जिसमें उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे नारी जाति का अपमान बताया और सार्वजनिक मंच से माफी मांगने की सलाह दी।
श्वेता ने कहा कि यह बेहद बेहूदा वक्तव्य है। उन्होंने कहा कि वे कड़े शब्दों में उनके बयान की निंदा करती हैं। श्वेता ने कहा कि सांसद जयप्रकाश माफी मांगने और अपने शब्द वापस लेने की बजाय स्पष्टीकरण दे रहे हैं कि मैंने इसको नहीं कहा उसको कहा है। वे इतने बड़े लीडर होकर इसे अपने वर्चस्व की लड़ाई बना रहे हैं जो कि सही नहीं है। संवाद
बहन-बेटियों पर असभ्य टिप्पणी निंदनीय : ढांडा
कलायत (कैथल)। जेपी के बयान पर आम आदमी पार्टी नेता अनुराग ढांडा ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों पर असभ्य टिप्पणी निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई महिला शिक्षा, रोजगार, बेहतर भविष्य को लेकर राजनीति में आना चाहती है तो उसको हतोत्साहित करने का अधिकार किसी को नहीं है। सांसद जयप्रकाश लोकतंत्र में रह कर लोकतंत्र की मर्यादाओं को न भूलें। याद रखें लोकतंत्र में राजनीति किसी की जागीर नहीं हैं सबको समान अधिकार है। कहा कि चाहे वह पक्ष की हो या विपक्ष की। बहन, बेटियों पर असभ्य टिप्पणी करना निंदनीय है। संवाद