संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आईजी महिला महाविद्यालय में दाखिला प्रक्रिया जारी है। 30 जून तक छात्राएं दाखिले के लिए आवेदन कर सकती हैं। तीन जुलाई को उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से प्रथम मेरिट सूची जारी की जाएगी। अब तक आईजी कॉलेज में लगभग 2027 दाखिले के लिए आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
प्राचार्य डॉ. आरती गर्ग ने बताया कि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया बिना किसी रुकावट व देरी के चल रही है। उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से तिथियों में विस्तार के बाद विद्यार्थी बड़ी संख्या में आ रहे हैं। कई कोर्सों में तो सीटों से तीन से चार गुणा तक आवेदन आ चुके हैं।
उधर, आरकेएसडी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय गोयल ने कहा कि रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि नजदीक आ रही है और दाखिला प्रक्रिया भी नजदीक आ रही है, इसलिए हमने विभिन्न सेमेस्टर में दाखिलों के लिए अलग-अलग स्टाफ समितियों को अंतिम रूप दिया है। डॉ. गोयल ने कहा कि अब तक कॉलेज में उपलब्ध सभी स्नातक पाठ्यक्रमों के तहत 4200 से अधिक रजिस्ट्रेशन प्राप्त हो चुके हैं।
हेल्प और रजिस्ट्रेशन डेस्क पर तैनात कर्मचारी विद्यार्थियों को मदद करने के लिए पूरी लगन से काम कर रहे हैं। डॉ. रामफल मौन, डॉ. एसपी वर्मा, डॉ. अंकित, प्रो. हिमानी, प्रो. सीमा और प्रो. शुभम कॉलेज के हेल्प डेस्क पर छात्रों की सहायता कर रहे हैं।