संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। युवक को मलेशिया भेजने के नाम पर दो आरोपियों ने छह लाख से ज्यादा रुपये ठग लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
नानकपुरी कॉलोनी निवासी जमशेर ने शहर थाना में शिकायत दी कि उसका विदेश जाने का मन था। इस संबंध में शहर के ही रहने वाले रमन और देव शर्मा उससे मिले। आरोपियों ने उसको मलेशिया भेजने का आश्वासन दिया और कहा कि साढ़े छह लाख रुपये खर्च आएगा। आरोपियों ने उससे 17 अगस्त 2023 को उसके दस्तावेज और तीन लाख 67 हजार रुपये ले लिए। 22 अगस्त को आरोपी उसे दिल्ली हवाई अड्डा ले गए और बैंकॉक भेज दिया।
वहां पर उसको 15 दिन का ऑन एराइवल वीजा दिलवाया। कुछ समय बाद डोंकर वहां पर आ गए और उसको जंगल में ले गए। उसको जंगल में दो दिनों तक भूखा प्यासा एक झोपड़ी के अंदर रखा। वहां उसके अलावा चार-पांच लोग और भी थे। दो दिनों तक जंगल में रखने के बाद डोंकर उसको नाव में मलेशिया बॉर्डर तक लेकर गए। मलेशिया बॉर्डर पहुंचने के बाद डोंकर उसको कोटाबारू नाम की एक जगह पर लेकर गए और वहां पर उसे व अन्य चार-पांच लोगों को बस में बैठा दिया। बाद में उनको कुलुमपुर टीबीएस नाम की एक जगह पर छोड़ दिया। वहां पर शेंकी नाम का एक एजेंट उनको अपने घर ले गया। अगले दिन वह एजेंट उनको अमान जाया लेकर गया और वहां 10-15 दिनों तक एक फ्लैट में रखा। शेंकी ने उसे काम दिलवाने के नाम पर 10 हजार रुपये लिए और पैसे मिलने के बाद सिद्धू व मोनू के पास सालम नाम की जगह पर भेज दिया। वहां 20-25 दिनों तक रखा। वहां से उन्हें मॉल में काम दिलवाने का बोलकर एक फैक्ट्री भेज दिया। उसमें लोगों से 12 घंटों तक लगातार काम करवाया जाता था और एक व्यक्ति से लगातार 10 घंटों तक 80 से 85 किलो वजन उठवाया जाता था। वजन न उठाने पर मारा जाता था।
जमशेर ने बताया कि इसके बाद चार-पांच दिनों तक जबरदस्ती काम करने व पिटने के बाद वह मौका देखकर फैक्ट्री से भागकर एजेंट सिद्धू के घर चला गया। वहां सिद्धू ने यह कहकर मारपीट करना शुरू कर दिया कि वह फैक्ट्री से भागकर क्यों आया है। फिर सिद्धू ने उसके घरवालों के पास फोन किया और कहा कि जमशेर व उसका पासपोर्ट हमारे कब्जे में है और दो लाख रुपये छोड़ने के नाम पर मांगने लगा। डर के कारण उसके घरवालों ने सिद्धू के खाते में 62 हजार रुपये पासपोर्ट वापस करने के नाम पर डाल दिए और दो लाख रुपये रमन को नकद दिए। पैसे मिलने के बाद सिद्धू ने उसको मलेशिया में ही उसके हाल पर छोड़ दिया।
फिर वह दूसरे एजेंट के जरिये भारत आया और अपने घर पहुंचा। जब उसने यहां आने के बाद आरोपी रमन से संपर्क किया और अपने पैसे वापस मांगे तो रमन ने उसको जान से मारने की धमकी दी। ऐसा करके आरोपियों ने उसके साथ छह लाख से ज्यादा रुपये की ठगी की। जांच अधिकारी सनेष कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।