कैथल। गांव सेरधा में पुरानी रंजिश में 20 से अधिक लोगों ने एक घर में घुसकर परिवार पर हमला कर दिया। हमले में महिला, उनके पति और बेटे को चोटें आईं। महिला का आरोप है कि हमलावरों ने उनके पति के दांत तोड़ दिए।
इसके बाद घर का दरवाजा और ताला तोड़कर सामान के साथ उनकी पुत्रवधू के सोने के आभूषण भी चोरी कर लिए। शिकायतकर्ता पूनम ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
बीमार बेटे के साथ की मारपीट, पति के दांत तोड़े : गांव सेरधा निवासी पूनम ने शिकायत में बताया कि 23 अक्तूबर की रात करीब आठ बजे 20 से अधिक लोग उनके घर पहुंचे। उस समय उनका बेटा मनोज घर पर था, जो बीमार रहता है और दवाइयां लेता है। आरोप है कि हमलावरों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की। इस दौरान उनके पति के घर पहुंचने पर उन पर भी तेजधार हथियार से हमला किया गया।
इसके अलावा लात-घूंसों से परिवार के सदस्यों को पीटा। इसमें उनके पति के दांत टूट गए जबकि उन्हें और उनके बेटे को भी गंभीर चोटें आईं। तीनों ने अपना मेडिकल करवाया है।