कैथल। जिले की अनाज मंडियों में धान खरीद घोटाले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। प्रशासनिक जांच में सामने आया है कि सरकारी पोर्टल पर फर्जीवाड़ा करने के लिए महिलाओं के नाम पर सबसे अधिक फर्जी पंजीकरण कराए गए हैं।
इतना ही नहीं, जिन वाहनों के जरिए मंडियों में धान पहुंचना दिखाया गया है, उनमें से कई के तो रजिस्ट्रेशन नंबर ही नहीं हैं। जांच टीम ने जब मंडियों में धान लेकर आने वाले वाहनों के नंबरों का मिलान किया तो बड़े स्तर पर अनियमितता पकड़ी गई। रिकॉर्ड में जिन वाहनों से धान की ढुलाई दिखाई गई है, परिवहन विभाग के पोर्टल पर वे नंबर बाइक, बुलेट और निजी कारों के निकले। इसके अलावा, बड़ी संख्या में बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की एंट्री दिखाकर फर्जी गेटपास जारी किए गए।
मामले की जांच कर रहे एसडीएम ने अपनी प्राथमिक जांच रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी है। पांच गांवों के संदिग्ध पंजीकरणों की गहन पड़ताल के बाद यह साबित हो गया है कि संबंधित लोगों ने फर्जी तरीके से जमीन का पंजीकरण कराया और अवैध रूप से धान की बिक्री की। रिपोर्ट में आरोपियों के खिलाफ आरोप सिद्ध पाए गए हैं, जिसके बाद अब प्रशासन इन पर बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है।
सीजन के दौरान 15 नवंबर को शाम छह बजे तक कैथल जिले की मंडियों में कुल 8.39 लाख मीट्रिक टन धान की आवक दर्ज की गई थी। इसमें से 8.14 लाख मीट्रिक टन धान की सरकारी खरीद हुई थी। इन्हीं आंकड़ों के बीच फर्जी गेटपास और बोगस पंजीकरण के जरिए करोड़ों रुपये का खेल खेले जाने की बात सामने आई है।
-
ये मिले फर्जी किसान
- केलो देवी पत्नी कपूर सिंह गांव मलिकपुर : वाहन का पंजीकरण नंबर ही नहीं मिला
- सरोज पत्नी हवा सिंह गांव मलिकपुर : सात वाहन मंडी पहुंचे, तीन बार वाहन के नंबर नहीं
- रचना सैनी पत्नी सूरजभान गांव कवारतन : तीन बार ट्रैक्टर-ट्राॅली, एक बार बाइक और एक बार बिना वाहन धान पहुंचा
- अन्नू गांव टीक : नौ वाहन मंडी पहुंचे, इनमें कार-बाइक, ट्रैक्टर-ट्राॅली आदि शामिल, दो के नंबर नहीं
- अमरजीत कौर गांव रमाणा-रमाणी : बुलेट, कार, स्पेलेंडर से धान आया, तीन के नंबर नहीं
जांच में महिलाओं के नाम पर फर्जी पंजीकरण सामने आए हैं। इन पर आरोप साबित हुए हैं। प्राथमिक रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी गई है। -मनीष यादव, एसडीएम, गुहला-चीका
शहर की नई मंडी में धान की सफाई करते श्रमिक। फाइल फोट