कैथल। धान की कटाई के बाद अपने खेत में आग न लगाएं। आग लगाने से वायु प्रदूषण होता है और मिट्टी के पोषक तत्व भी नष्ट हो जाते हैं। यह अपील किसानों से डीसी डाॅ. विवेक भारती ने की है। कहा कि धान उत्पादक किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के लिए हरियाणा सरकार एक हजार रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से प्रोत्साहन राशि प्रदान करेगी। प्रदेश सरकार ने फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत अवशेषों को मशीनों की सहायता से मिट्टी में मिलाने पर किसानों को प्रति एकड़ एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया है। धान अवशेषों को मिट्टी में मिलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी तथा वातावरण को स्वच्छ रखने में सहायता मिलेगी। योजना का लाभ लेने के लिए किसान को पोर्टल एग्रीहरियाणा.जीओवी.इन पर 30 नवंबर तक आवेदन करना होगा। संवाद