कैथल। राजौंद क्षेत्र के संतोख माजरा में मूक-बधिर विवाहिता को यातनाएं देने का मामला सामने आया है। पटियाला के गांव नाईवाला की आशा वर्कर गीता देवी की शिकायत पर राजौंद थाना पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
मां गीता देवी ने बताया कि उसकी बेटी मनीषा जन्म से मूक-बधिर है। उसकी शादी करीब डेढ़ साल पहले कैथल के राजौंद ब्लॉक के गांव संतोख माजरा में रवि कुमार के साथ रीति रिवाज से की थी। हैसियत से ज्यादा सामान दिया था। साथ वह बोल और सुन नहीं सकती, इस संबंध में भी पूरी जानकारी दे दी थी। उस समय मनीषा के ससुराल वालों ने इस बारे में कोई आपत्ति नहीं की थी। शादी के बाद भी छह महीने तक सब ठीक रहा। उसका आठ माह का बेटा भी है। उसके बाद ससुराल वालों ने मारपीट के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उनकी मांग पर उन्होंने 20 हजार रुपये ससुराल वालों को दिए। फिर कुछ समय तक सब ठीक रहा, लेकिन इसके बाद सुसराल वाले गाड़ी की मांग करने लगे।
इस दौरान 26 अक्तूबर को जब मनीषा का भाई उससे मिलने गया तो उसने इशारे से बताया कि सास सुदेश, ससुर शीशपाल और पति रवि कुमार ने उसके साथ मारपीट की है और चुन्नी से गला घोंटकर मारने की कोशिश की। इसके बाद सौरभ ने अपनी मां को सूचना दी। मां की शिकायत पर पुलिस ने पति, ससुर व सास के खिलाफ मारपीट, जान से मारने व दहेज प्रताड़ना के आरोप में केस दर्ज किया है। मां ने बताया कि मनीषा का आठ माह का बेटा भी है।