कैथल। जिला जेल की एक बैरक में एक मोबाइल मिला है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में जिला जेल के उप अधीक्षक विपिन कुमार ने कहा कि जिला जेल कैथल में तलाशी ली गई। इसमें बंदी बैरक नंबर पांच के कमरा नंबर दो में अचानक की गई तलाशी में नीले रंग का लावा कंपनी का मोबाइल फोन, बैटरी, दो काले रंग की लीडनुमा तारों के टुकड़ों और एयरटेल लिखा हुआ सिम सहित बरामद हुआ। जांच में पता चला कि विचाराधीन बंदी सोनीपत के गांव मंडोरा (खरखौदा) निवासी आशीष ने कोई वस्तु शौचालय में फेंक दी है। जांच में यह मोबाइल, सिम और तारों के टुकड़े मिले। पूछताछ में आशीष ने बताया कि यह मोबाइल फोन उसका है। इस मोबाइल फोन से अन्य विचाराधीन बंदियों गुरमीत निवासी पाई गेट पूंडरी, गुरमेल निवासी गांव नरड़ व सुमेर उर्फ भूरिया निवासी गांव खरक पांडवा कैथल ने भी बात की है। इसके अतिरिक्त एक अन्य विचाराधीन बंदी राजन धानिया उर्फ गोल्डी निवासी प्रेम नगर करनाल ने भी सुबह पेशी पर जाने से पहले इस मोबाइल फोन से बात की थी। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ जेल नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।