संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। ढांड रोड पर गुरुकुल के पास ट्रक और कार की जोरदार टक्कर में एक 13 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में मृतक की बहन और मामा का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
गांव फरल का एक परिवार पूंडरी में शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहा था। जैसे ही कार गुरुकुल पूंडरी के पास ढांड रोड पर पहुंची, एक ट्रक चालक की लापरवाही के कारण ट्रक अचानक बैक होकर सड़क पर आ गया। इससे कार ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और कार ट्रक के साथ जोरदार तरीके से टकरा गई, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में कार में सवार अनुज पुत्र अशोक राणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक उज्ज्वल और मृतक की बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मातम में बदलीं खुशियां ः अनुज सुबह खुशी के साथ पूंडरी ताऊ की लड़की की शादी में गया था। लौटते समय ट्रक चालक की लापरवाही ने परिवार को गहरे दुख में डाल दिया। सोमवार को अहोई माता का व्रत है, जिसमें माता अपने बेटे की दीर्घायु के लिए व्रत रखती हैं और यहां खुशियां मातम में बदल गई।
इकलौता भाई और मां का सहारा था अनुज
अनुज दो बहनों का इकलौता भाई था और अपनी मां का जीने का एकमात्र सहारा था। उनके पिता का निधन उनके जीवन में पहले ही गहरा असर छोड़ चुका था।
डेढ़ वर्ष पहले पिता का निधन
अनुज के पिता डिंपल का लगभग डेढ़ वर्ष पहले निधन हो गया था। वे बिजली निगम में कार्यरत थे और बिजली के खंभे पर काम करते समय करंट लगने से घायल हो गए थे। कई वर्षों तक बीमारी से जूझने के बाद उनकी मौत हो गई थी।