संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने शहर के मलिक नगर में महिला को गोली मारने के मामले में हिसार निवासी मुख्य आरोपी रोहित की गिरफ्तारी के बाद नाबालिग और दो अन्य आरोपी काबू किए हैं।
पुलिस के मुतबिक, आरोपी ने कबूल किया था कि महिला को मारने के लिए उसने तीन लोगों के साथ डेढ़ लाख रुपये में सौदा तय किया था। पकड़े गए नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है जबकि दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने चार दिन के रिमांड पर लिया है।
गौरतलब है कि महिला ने हमले के बाद अपने पति के खिलाफ आरोप लगाकर मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच की तो प्रकरण दूसरा निकला। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी रोहित ने यह भी कबूल किया है कि उसका पीड़िता की बेटी के साथ प्रेम प्रसंग था। महिला उसे फंसाने व जान से मारने की धमकी देती थी।
इसी वजह से उसने महिला की हत्या करने के लिए डेढ़ लाख रुपये सुपारी देकर हमला करवाया था। रोहित की गिरफ्तारी के बाद अब स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी एसआई रमेश कुमार की अगुवाई में एसआई मुकेश कुमार की टीम ने की जांच करते हुए मामले में हिसार निवासी 16 वर्षीय नाबालिग को निरुद्ध करने के अतिरिक्त हिसार निवासी आरोपी वीरेंद्र उर्फ राहुल व कृष्ण उर्फ जोनी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिला हिसार के एक गांव निवासी महिला ने शिकायत दी थी कि वह मलिक नगर कैथल में किराए पर रह रही थी। उसकी एक बेटी व दो बेटे हैं।
करीब 12 साल से अपने पति के साथ विवाद के कारण वह बेटी के साथ अलग रहती है। उसका उसके पति के साथ जमीनी विवाद है और उसका पति उस जमीन को बेचना चाहता है। जिस पर उसने कोर्ट से स्टे ले रखा है।
गत 10 अक्तूबर को सुबह नौ बजे वह अपने घर से निकली को गली के मोड़ पर एक बाइक पर आए तीन युवकों ने पिस्टल से उसके ऊपर जान से मारने की नियत से फायर किए। जो गोली उसके कंधे में लगी तथा तीनों युवक फरार हो गए। शिकायतकर्ता महिला के अनुसार उसके पति व अन्य ने जमीनी विवाद कारण उस पर हमला करवाया है। थाना शहर में यह केस दर्ज कराया गया था। पुलिस ने मामले की जांच की तो मामला दूसरा निकला।
यूनिट प्रभारी एसआई रमेश कुमार की अगुवाई में एसआई मुकेश कुमार की टीम ने हिसार निवासी आरोपी रोहित को हिसार से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, रोहित ने महिला की बेटी के साथ प्रेम प्रसंग की बात स्वीकारी है जबकि पति पर लगाए महिला के आरोप निराधार पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी शुक्रवार को रोहित को न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिए 20 दिन के रिमांड पर लिया था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसपी राजेश कालिया के निर्देशानुसार मामले में शनिवार को सभी आरोपी न्यायालय में पेश किए गए, जहां से आरोपी रोहित को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत व नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया। जबकि आरोपी वीरेंद्र व कृष्ण को व्यापक पूछताछ के लिए चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।