संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। गांव शिमला निवासी वकालत के 25 वर्षीय संजय की हत्या को लेकर गांव शिमला में चल रहा धरना रविवार को भी जारी रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे धरने में राज्यमंत्री कमलेश ढांडा भी पहुंची और परिजनों को ढांढस बंधाया।
धरने में बैठकर महिला मंत्री ने ग्रामीणों से पूरी जानकारी ली। जिले सिंह और परिजनों ने बताया कि रात्रि में बाहर से आए कुछ युवक गांव के युवक संजय की हत्या करके चले गए। उन लोगों का कहना था कि उन्हें शक है कि हत्यारों को कोई राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है जिसके चलते पुलिस बाकी बचे हत्यारोपियों को पकड़ नहीं रही।
आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर ही गांव शिमला के लोगों ने धरना व रास्ता रोको का एलान किया था। शनिवार को डीएसपी सज्जन सिंह ने आश्वासन दिया था की सभी आरोपियों को सोमवार तक गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उनके आश्वासन के बाद उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग रोकने का आह्वान तो वापस ले लिया। अब अगर सोमवार तक पुलिस बाकी के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती तो ग्रामीण प्रदर्शन के लिए स्वतंत्र होंगे।
राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने पूरी जानकारी हासिल करने के बाद एसपी से बात की और सोमवार सायं तक बचे आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कहीं। कमलेश ढांडा ने कहा कि संजय हत्याकांड के सभी आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे। इसके बाद राज्यमंत्री मृतक संजय के घर पहुंची और परिजनों को ढांढस बंधाते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया।